home page

फिजियोथेरेपी उपकरण के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, संचालक पर एफआईआर दर्ज

 | 
फिजियोथेरेपी उपकरण के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, संचालक पर एफआईआर दर्ज


शिमला, 04 मार्च (हि.स.)। शिमला जिले के रोहड़ू में फिजियोथेरेपी उपकरण दिलाने के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद ‘सेहगल हेल्थ केयर’ चलाने वाले सतविंदर सती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक बहादुर सिंह नेगी और सात अन्य लोगों ने संयुक्त शिकायत में आरोप लगाया है कि सतविंदर सती रोहड़ू के राणा निवास में ‘सेहगल हेल्थ केयर’ के नाम से कारोबार कर रहा था। उसने कथित तौर पर शिकायतकर्ताओं को ‘सेरेजेम’ ब्रांड के फिजियोथेरेपी उपकरण और थर्मल मैट बुक कराने का भरोसा दिलाया।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि आरोपी के झांसे में आकर उन्होंने विभिन्न माध्यमों से कई लाख रुपये का भुगतान कर दिया। आरोप है कि रकम लेने के बाद न तो उपकरण उपलब्ध कराए गए और न ही पैसे लौटाए गए।

पीड़ितों के अनुसार जब उन्होंने सामान देने या पैसे वापस करने की मांग की तो उन्हें बार-बार टाल दिया गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस थाना रोहड़ू में औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस ने मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और 314 के तहत दर्ज किया है। थाना रोहड़ू की टीम अब लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, भुगतान के रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्य जुटा रही है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस कथित धोखाधड़ी से अन्य लोग भी प्रभावित हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा