भुंतर में मकान से 9.64 ग्राम चरस और 61.72 लाख रुपये नकद बरामद
कुल्लू, 20 नवंबर (हि.स.)। जिला कुल्लू पुलिस की डिटेक्शन सेल टीम ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भुंतर स्थित एक रिहायशी मकान में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने 9.64 ग्राम चरस और 61 लाख 72 हजार 650 रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस ने मौके से 53 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पुलिस थाना भुंतर में मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिला डिटेक्शन सेल की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि भुंतर क्षेत्र के एक रिहायशी मकान में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 19 नवंबर को संदिग्ध मकान की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान मकान में मौजूद छोटी शमशी निवासी 53 वर्षीय व्यक्ति के कब्जे से 9.64 ग्राम चरस और 61,72,650 रुपये की नकदी बरामद हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 20 नवंबर को विधिवत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी कुल्लू अभिषेक एस ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस अब आरोपी के पास से बरामद इतनी बड़ी नकदी के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस आरोपी के वित्तीय लेन-देन और आय के स्रोतों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद नकदी का संबंध नशे के अवैध कारोबार या किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से तो नहीं है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगामी जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

