नेपाली युवक 267 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार
शिमला, 07 नवंबर (हि.स.)। शिमला जिले के चिडग़ांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक सेब बगीचे में बने डेरे (अस्थायी आवास) की तलाशी लेकर 267 ग्राम चरस बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने नेपाल निवासी 30 वर्षीय अर्जुन को गिरफ्तार किया है। आरोपी बगीचे में चौकीदार के रूप में काम करता था। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर जाखी के नजदीक सिड़रोती में की गई। तलाशी के दौरान डेरे में रखे एक संदूक से चरस बरामद हुई। पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी की कार्रवाई पूरी की और 5 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा शनिवार को दी गई जानकारी के अनुसार आरोपी अर्जुन पुत्र खीम बहादुर नेपाल के रोल्पा का निवासी है। वह संबंधित बगीचे में चौकीदार के तौर पर कार्यरत था। पुलिस ने उसके कब्जे से बरामद चरस को कब्जे में लेकर मामला दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत कार्रवाई की जा रही है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

