home page

कुल्लू में 764 ग्राम चरस के साथ गुजरात के दो युवक गिरफ्तार

 | 

कुल्लू, 25 सितंबर (हि.स.)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) मंडी की टीम ने कुल्लू में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 764 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी गुजरात के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार एसटीएफ मंडी की टीम ने शुक्रवार को चील मोड़ के पास नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान मणिकरण की ओर से दो संदिग्ध युवक पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों घबरा गए और मौके से भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि, पुलिस कर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पीठू बैग से कुल 764 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविसिंह जडेजा (32) पुत्र वनराजसिंह, निवासी गांव एवं डाकघर लिंबोदरा, तहसील मानसा, जिला गांधीनगर, गुजरात तथा योगी जगदीशभाई नाई (22) पुत्र जगदीशभाई नाई, निवासी मारुतिनगर, अशोक वाटिका के पास, महावीरनगर, हिम्मतनगर, डाकघर हिम्मतनगर, जिला साबरकांठा, गुजरात के रूप में हुई है।

मामले में प्रारंभिक जांच अधिकारी एसआई चमन लाल हैं। पुलिस थाना मणिकरण में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह