home page

शिमला : घर से नकदी और जेवर चुराने का आरोपी गिरफ्तार

 | 
शिमला : घर से नकदी और जेवर चुराने का आरोपी गिरफ्तार


शिमला, 12 अप्रैल (हि.स.)। शिमला के बालूगंज थाना क्षेत्र के तहत ढैण्डा गांव में घर से नकदी और जेवर चोरी के मामले को पुलिस ने तीन दिनों के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में लोगों का भरोसा बढ़ा है।

पुलिस के अनुसार यह मामला 8 अप्रैल का है। टूटू के ढैण्डा की रहने वाली राजेश लता ने पुलिस चौकी जतोग में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके घर में चोरी हो गई है। शिकायत में उन्होंने बताया कि वह सुबह ड्यूटी के लिए घर से गई थीं और जब शाम करीब साढ़े चार बजे वापस लौटीं तो घर और अलमारी के ताले टूटे हुए पाए। घर से करीब एक लाख रुपये नकद और कुछ जेवर गायब थे।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। इसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और अपने स्रोतों की मदद से संदिग्ध व्यक्ति की पहचान आयुष रान्टा के रूप में की, जो मूल रूप से कोटखाई क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में लोअर टूटू में रह रहा था। पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए 11 अप्रैल को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में लोगों के बीच यह संदेश गया है कि चोरी जैसे मामलों में पुलिस तेजी से कार्रवाई कर रही है और आरोपियों को जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला