शिमला के डोडरा क्वार में अवैध भांग की खेती का पर्दाफाश, 2,860 पौधे मिले, दो मामले दर्ज
शिमला, 27 जुलाई (हि.स.)। शिमला जिले के डोडरा क्वार क्षेत्र में पुलिस ने अवैध भांग (कैनाबिस) की खेती के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत दो मामले दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में कुल 2,860 भांग के पौधे बरामद हुए हैं। अधिकांश पौधों को मौके पर ही नियमानुसार नष्ट कर दिया गया, जबकि कुछ पौधों को कानूनी प्रक्रिया के लिए कब्जे में लिया गया है। दोनों मामलों की जांच शिमला पुलिस कर रही है।
पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि 26 जुलाई को पुलिस चौकी डोडरा क्वार की टीम क्षेत्र में गश्त और कानून-व्यवस्था ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान ग्राम गोसांगू में निरीक्षण के समय अवैध रूप से भांग की खेती किए जाने के दो मामले सामने आए।
पहले मामले में ग्राम गोसांगू के खसरा नंबर 42 में सूर्य देव निवासी धन्द्रावाड़ी के कब्जे वाली भूमि पर 1,550 भांग के पौधे उगाए गए पाए गए। इनमें से 1,530 पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि शेष पौधों को कानूनी कार्रवाई के लिए कब्जे में लिया गया। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
अधिकारी के मुताबिक सरे मामले में ग्राम गोसांगू के खसरा नंबर 41 में उजेंद्री देवी निवासी धन्द्रावाड़ी के कब्जे वाली भूमि पर 1,310 भांग के पौधे लगे मिले। इनमें से 1,290 पौधों को मौके पर ही नष्ट किया गया, जबकि बाकी पौधों को साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित रखा गया। इस मामले में भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जिला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध खेती, तस्करी या इस तरह की किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

