जबलपुरः हवालात में आरोपी की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती
जबलपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित सिविल लाइन थाने की हवालात में निरुद्ध ब्लैकमेलिंग और एक्सटॉर्शन के आरोपी दयाशंकर पांडे की शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। असामान्य व्यवहार करने पर पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने भर्ती कर निगरानी में रखा है। फिलहाल उसकी प्राथमिक जांच रिपोर्ट सामान्य बताई गई है, जबकि एहतियातन अतिरिक्त जांचें कराई जा रही हैं।
सीएसपी ओमती सोनू कुर्मी के मुताबिक, नयागांव निवासी बिल्डर महेश केमतानी की शिकायत पर साईं मंदिर, सिविल लाइन निवासी दयाशंकर पांडे को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने शुभ मोटर्स एजेंसी से जुड़े मामलों को लेकर विभिन्न शासकीय और अशासकीय कार्यालयों में भ्रामक शिकायतें कीं। इसके अलावा उच्च न्यायालय में याचिकाएं दायर कर इन्हीं मामलों के आधार पर रुपये की मांग की और बिल्डर को ब्लैकमेल कर अवैध वसूली का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच सीएसपी कोतवाली द्वारा की गई थी। चूंकि घटनास्थल सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

