home page

सूरत के चर्चित खोलवड रियल एस्टेट फ्रॉड मामले में अहमदाबाद का बिल्डर उमंग ठक्कर गिरफ्तार

 | 
सूरत के चर्चित खोलवड रियल एस्टेट फ्रॉड मामले में अहमदाबाद का बिल्डर उमंग ठक्कर गिरफ्तार


सूरत, 28 जुलाई (हि.स.)। गुजरात के सूरत के बहुचर्चित खोलवड रियल एस्टेट फ्रॉड केस में कामरेज पुलिस ने अहमदाबाद के चर्चित बिल्डर और 'पतंग होटल' के मालिक उमंग ठक्कर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 'सत्य संकल्प बिल्डकॉन एलएलपी' के साझेदार नील ठक्कर और कांथा ठक्कर के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपितों ने वर्षों पहले किसी अन्य व्यक्ति के नाम ट्रांसफर हो चुके प्लॉट को स्थानीय खरीदार को बेचकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की। अहमदाबाद और सूरत में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी के बाद पुलिस ने उमंग ठक्कर को गिरफ्तार किया। मामले में पूरे वित्तीय लेन-देन और परियोजना के फाइनेंशियल नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपित पुलिस रिमांड पर है।

यह कार्रवाई सूरत के 36 वर्षीय निवासी पुष्पकभाई दिनेशभाई पटेल द्वारा दर्ज कराई गई आपराधिक शिकायत के आधार पर की गई। शिकायत के अनुसार वर्ष 2025 में आरोपितों ने होर्डिंग्स और प्रिंट विज्ञापनों के माध्यम से खोलवड गांव में 'सहजानंद निर्वाण' नामक अफोर्डेबल प्लॉटिंग परियोजना का व्यापक प्रचार किया था। प्रचार और बिल्डर उमंग ठक्कर से हुई सीधी टेलीफोनिक बातचीत से प्रभावित होकर पुष्पकभाई पटेल ने अपनी पत्नी के नाम पर एक प्लॉट बुक कराया और अलग-अलग किश्तों में ₹65.59 लाख का भुगतान किया।

बाद में जब उन्होंने प्लॉट के नामांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए राजस्व विभाग से संपर्क किया, तो भूमि अभिलेखों से पता चला कि संबंधित जमीन वर्ष 2018 में ही दीपकभाई नागजीभाई पटेल के नाम बेची जा चुकी थी। इसके बावजूद वही प्लॉट दोबारा बेच दिया गया।

प्लॉट का कब्जा और रजिस्ट्री नहीं मिलने तथा भुगतान की गई राशि वापस न किए जाने पर करीब 15 से 16 पीड़ितों ने कामरेज पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि अब तक की जांच में ₹1.56 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। इसी मामले में उमंग ठक्कर को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपितों की भूमिका सहित पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे