हत्या के प्रयास मामले में घोषित भगोड़ा अपराधी गिरफ्तार
नई दिल्ली, 25 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हत्या के प्रयास के एक मामले में भगोड़े अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान इरफान उर्फ चांद मोहम्मद के रूप में हुई है, जो भलस्वा डेयरी की जेजे कॉलोनी का रहने वाला है। आरोपित नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाना में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में वांछित था और लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने शनिवार के बताया कि, इरफान के खिलाफ वर्ष 2022 में नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाने में हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच और अदालत की कार्यवाही के दौरान आरोपित फरार हो गया तथा बार-बार दबिश के बावजूद पुलिस उसे पकड़ नहीं सकी। लगातार गैरहाजिर रहने पर अदालत ने 14 मई 2025 को उसे भगोड़ा घोषित किया।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार क्राइम ब्रांच की डब्ल्यूआर-1 टीम को आरोपित की तलाश की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपित दिल्ली क्षेत्र में मौजूद है और एक स्थान से दूसरे स्थान पर छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार रात जाल बिछाकर आरोपित को दबोचा।
पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किए जाने के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग ठिकानों पर छिप रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत कलंदरा भी दर्ज किया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित का आपराधिक रिकॉर्ड पुराना है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास के अलावा वर्ष 2019 में हरियाणा के फरीदाबाद जीआरपी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है। दोनों मामलों में वह अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किया जा चुका था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपित एक स्कूल ड्रॉपआउट है और ऑटो चालक का काम करता था। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और उसके अन्य आपराधिक संबंधों व गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

