home page

हत्या के मामले में पिछले ढाई साल से फरार आरोपित गिरफ्तार

 | 
हत्या के मामले में पिछले ढाई साल से फरार आरोपित गिरफ्तार


नई दिल्ली, 21 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) यूनिट ने 50 हजार रुपये के इनामी और भगोड़े आरोपित को गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपित वर्ष 2023 के सरिता विहार इलाके में हुए एक हत्या कांड में वांछित था और पिछले ढाई साल से लगातार फरार चल रहा था।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त राहूल अलवाल ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान अतोनु हल्दर उर्फ अतुल हल्दर (23) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से दिल्ली के सरिता विहार का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ वर्ष 2023 में दर्ज हत्या के मामले (एफआईआर संख्या 491/2023) में कई गंभीर धाराएं लगाई गई थीं। इस मामले की क्रूरता ने उस समय पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार, 15 सितंबर 2023 को एक 15 वर्षीय छात्र ने शिकायत दी थी कि उसके पिता का पहले कुछ लोगों से विवाद हुआ था। उसी रात 7-8 हमलावर बाइक पर सवार होकर उसके घर पहुंचे और उसके पिता पर चाकू, डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने पड़ोसी के घर में घुसकर भी पीड़ित को नहीं छोड़ा और हमला जारी रखा। बीच-बचाव करने आई उसकी मां को भी घायल कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल पीड़ित को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस मामले में पुलिस ने छह आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन अतोनु हल्दर लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम की महीनों की मेहनत और तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपित का सुराग निकाला। जांच में पता चला कि वह बार-बार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा है। आखिरकार उसकी लोकेशन गुजरात के गांधीनगर में ट्रेस की गई। इसके बाद इंस्पेक्टर महिपाल के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाकर उसे दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि वारदात के बाद वह पहले मुंबई भाग गया, जहां करीब एक साल तक छिपा रहा। इसके बाद वह प्रयागराज गया और अंत में गुजरात में जाकर रहने लगा। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने और काम बदलता रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी