हत्या के प्रयास मामले का मुख्य शूटर गिरफ्तार
नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नरेला इलाके में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान 23 वर्षीय अनीश उर्फ ईश्वर दयाल के रूप में हुई है, जो वारदात के बाद से फरार चल रहा था।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने शुक्रवार काे बताया कि मामला 6 मार्च 2026 की शाम का है, जब नरेला इलाके में एक महिला अपने वाटर प्लांट पर पहुंची थी। उसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां आए। आरोपिताें में से एक ने महिला को पिस्तौल दिखाकर धमकाया और प्लांट बंद करने के लिए कहा। डराने के मकसद से उसने दीवार की ओर फायरिंग भी की और जान से मारने की धमकी देकर दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए। इस संबंध में नरेला थाने में 7 मार्च को हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान एक आरोपित पियूष को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य शूटर अनीश फरार था।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार क्राइम ब्रांच की आरके पुरम टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपित की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को 18 मार्च को अनीश को दिल्ली से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि उसने इलाके में दबदबा कायम करने के लिए वारदात को अंजाम दिया था। साथ ही, उसने यह भी बताया कि एक पुराने विवाद के चलते अपने साथियों के साथ मिलकर उसने इस साजिश को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, आरोपित नौवीं कक्षा तक पढ़ा है और बेरोजगार है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों का कहना है कि इलाके में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

