फायरिंग मामले में वांछित आरोपित क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ा
नई दिल्ली, 01 मार्च (हि.स.)। वांछित और शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच की उत्तरी रेंज ने फायरिंग के एक मामले में फरार चल रहे 22 वर्षीय आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान जहांगीरपुरी निवासी कृष्ण उर्फ किन्नी के रूप में हुई है।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने रविवार काे बताया कि आरोपित थाना महेंद्र पार्क में दर्ज प्राथमिकी संख्या 60/26 दिनांक 25 जनवरी 2026 में वांछित था। उस पर व्यक्तिगत रंजिश के चलते विरोधी पक्ष पर गोली चलाने का आरोप है। घटना के बाद से वह अपने साथी के साथ फरार चल रहा था।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार 28 फरवरी को उत्तरी रेंज की टीम फरार अपराधियों के संबंध में सूचना जुटा रही थी। इसी दौरान एक गुप्त सूचना मिली कि फायरिंग मामले में वांछित कृष्ण उर्फ किन्नी शाह आलम बांध रोड, जहांगीरपुरी के पास देखा गया है। वरिष्ठ अधिकारियों से अनुमति लेकर टीम ने तत्काल घेराबंदी की और आरोपित को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि 24 जनवरी 2026 को उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर निजी दुश्मनी के चलते अनमोल और सलमान नामक दो युवकों पर फायरिंग की थी। हालांकि घटना में कोई घायल नहीं हुआ। वारदात के बाद वह लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित पूर्व में भी जहांगीरपुरी थाना क्षेत्र में फायरिंग के एक अन्य मामले में शामिल रह चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

