home page

चाबी बनाने वाला बनकर घरों में घुसता था, फिर उड़ाता था नकदी-जेवर, गिरफ्तार

 | 
चाबी बनाने वाला बनकर घरों में घुसता था, फिर उड़ाता था नकदी-जेवर, गिरफ्तार


नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। घरों में चोरी करने के लिए पहले खुद को चाबी बनाने वाला बताकर भरोसा जीतता था, फिर मौका मिलते ही ताले खोलकर नकदी, जेवर और कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था। दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश में पुलिस के लिए सिरदर्द बना एक अंतरराज्यीय शातिर सेंधमार काे दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने दबोचा। आरोपित पर दिल्ली पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वह कई मामलों में फरार चल रहा था और दो मामलों में अदालत उसे भगोड़ा अपराधी भी घोषित कर चुकी थी।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त संजीव यादव ने सोमवार को बताया कि क्राइम ब्रांच की मध्य रेंज टीम ने आरोपित जोगिंदर सिंह (36) को अलीपुर इलाके से गिरफ्तार किया है। आरोपित मूल रूप से महाराष्ट्र का रहने वाला है। वह मध्य प्रदेश के इंदौर में भी रह चुका है। पुलिस के अनुसार आरोपित लंबे समय से दिल्ली समेत कई राज्यों में चोरी और घरों में सेंधमारी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। उसके खिलाफ चोरी और सेंधमारी के 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मालवीय नगर चोरी मामले में था वांछित

पुलिस के मुताबिक जोगिंदर सिंह दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक चोरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। ई-एफआईआर संख्या 8003196/24 के तहत दर्ज इस मामले में घर का ताला तोड़कर नकदी, जेवर और अन्य कीमती सामान चोरी किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपित की भूमिका का पता चला, लेकिन गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। अदालत की कार्रवाई से बचने के लिए भी वह लंबे समय से फरार था। आरोपित की लगातार तलाश के बाद दिल्ली पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपित कृष्णा नगर और गीता कॉलोनी थाना क्षेत्र के मामलों में भी भगोड़ा घोषित किया जा चुका था।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए इंस्पेक्टर वीर सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने आरोपित की तलाश में महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश तक कई जगह दबिश दी। तकनीकी निगरानी, स्थानीय खुफिया तंत्र और मुखबिरों की मदद से आरोपित की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। वहीं पुलिस को जांच में पता चला कि आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच अपने ठिकाने बदल रहा था। 24 मई को क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि आरोपित दिल्ली के अलीपुर इलाके में आने वाला है। सूचना को पुख्ता कर पुलिस टीम ने इलाके में जाल बिछाया। कुछ समय बाद संदिग्ध दिखाई देने पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपित ने चोरी और सेंधमारी के कई मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और अन्य मामलों में भूमिका की जानकारी जुटा रही है।

बेहद शातिर था चोरी का तरीका

पुलिस जांच में आरोपित का वारदात करने का तरीका भी सामने आया है। आरोपित खुद को चाबी बनाने वाला बताकर लोगों के घरों तक पहुंच बनाता था। कई बार वह घरों की रेकी करता था। मौका मिलते ही ताले खोलकर या तोड़कर नकदी, जेवर और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी