कुख्यात झपटमार ‘नागिन’ गिरफ्तार, 19 मामलों में था वांछित
नई दिल्ली, 03 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने लंबे समय से फरार चल रहे एक कुख्यात झपटमार और घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान सुल्तानपुरी निवासी सनी उर्फ ‘नागिन’ (26) के रूप में हुई है, जो प्रशांत विहार थाना के एक मामले में वांछित था।
पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने शुक्रवार को बताया कि वर्ष 2019 में दर्ज एक झपटमारी के मामले में आरोपित की तलाश की जा रही थी। 8 जनवरी 2019 को सेक्टर-13 रोहिणी स्थित केवल कुंज अपार्टमेंट की ओर जा रही एक नाबालिग लड़की से सुनेहरी बाग अपार्टमेंट के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने मोबाइल फोन झपट लिया था। लड़की के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने दोनों आरोपितों को मौके पर ही पकड़ लिया था और पुलिस के हवाले कर दिया था।
जांच के दौरान आरोपित को अदालत से जमानत मिल गई थी, लेकिन वह सुनवाई के दौरान फरार हो गया और अदालत में पेश नहीं हुआ। इसके बाद 22 नवंबर 2023 को रोहिणी कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया।
पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने बताया कि हाल ही में क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि आरोपित सुल्तानपुरी इलाके में घूम रहा है। इसके बाद इंस्पेक्टर पुखराज के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से जाल बिछाकर 2 अप्रैल को आरोपित को दबोच लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित सनी उर्फ नागिन पहले से ही झपटमारी, लूट और आर्म्स एक्ट के 19 मामलों में शामिल रहा है। वह 10वीं के बाद पढ़ाई छोड़ चुका है और नशे का आदी है। फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है और उसके अन्य साथियों व आपराधिक गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

