नंदू गैंग का शार्प शूटर और हथियार सप्लायर गिरफ्तार
नई दिल्ली, 21 मार्च (हि.स.)। राजधानी दिल्ली में संगठित अपराध के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (डब्लूआर-II) यूनिट ने कुख्यात नंदू गैंग के एक शार्प शूटर और उसके हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से अत्याधुनिक हथियार भी बरामद किए हैं।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा के मुताबिक, गिरफ्तार शूटर की पहचान हरियाणा के महेंद्रगढ़ निवासी 25 वर्षीय सुमित पूनिया के रूप में हुई है। सुमित पूनिया कुख्यात गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू के गैंग का सक्रिय सदस्य है और वर्ष 2021 के स्पेशल सेल एनकाउंटर मामले में फरार चल रहा था। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुमित पूनिया द्वारका इलाके में मौजूद है। इसके बाद इंस्पेक्टर गौतम मलिक के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और मैन्युअल सर्विलांस के जरिए आरोपित की गतिविधियों पर नजर रखी और सटीक मौके पर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में सुमित ने खुलासा किया कि वह बचपन से ही नंदू उर्फ कपिल सांगवान के संपर्क में था और 2020-21 के दौरान उसने गैंग ज्वाइन कर लिया था। गैंग में उसकी भूमिका शार्प शूटर की थी और वह रंगदारी वसूली तथा धमकाने जैसी गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल था।
सुमित की निशानदेही पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हथियार सप्लायर बदर इस्लाम को भी गिरफ्तार किया। बदर इस्लाम गैंग को अवैध हथियार मुहैया कराता था, जिनका इस्तेमाल रंगदारी और आपराधिक वारदातों में किया जाता था। उसके कब्जे से भी एक पिस्टल बरामद हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपित पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इनकी गिरफ्तारी से नंदू गैंग के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और इससे दिल्ली में अपराध पर नियंत्रण करने में मदद मिलेगी।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

