home page

क्राइम ब्रांच ने सात नाबालिगों को खोजकर परिवार से मिलवाया

 | 
क्राइम ब्रांच ने सात नाबालिगों को खोजकर परिवार से मिलवाया


नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सात लापता नाबालिग बच्चों को राज्य के अलग-अलग हिस्सों से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों से मिलवाया है।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने शुक्रवार को बताया कि क्राइम ब्रांच की टीमों ने तकनीकी सर्विलांस, स्थानीय इंटेलिजेंस और सतत फील्ड वर्क के जरिए इन बच्चों का पता लगाया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, हर मामले को गंभीरता से लेते हुए समय पर कार्रवाई की गई, जिससे सभी बच्चों को सुरक्षित वापस लाया जा सका।

बिहार से बरामद हुई 16 वर्षीय लड़की

उत्तर पश्चिम जिले के केशव पुरम थाना क्षेत्र से 29 नवंबर 2025 से लापता 16 वर्षीय लड़की को बिहार के दरभंगा से बरामद किया गया। इस मामले में लड़की की तलाश पर 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी निगरानी के आधार पर उसे ढूंढ निकाला।

मुंबई होते हुए रिश्तेदार के घर पहुंची नाबालिग

बाहरी जिले के निहाल विहार क्षेत्र से 12 जनवरी 2026 से लापता 15 वर्षीय लड़की भावनात्मक तनाव के चलते घर छोड़कर मुंबई गई और बाद में अपने मामा के घर पहुंच गई थी। पुलिस ने उसे ट्रेस कर सुरक्षित बरामद किया।

गाजियाबाद से मिले दो नाबालिग लड़के

बाहरी उत्तरी जिले के समयपुर बादली इलाके से 11 अप्रैल 2026 से लापता 12 और 16 वर्षीय दो लड़कों को गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के पास से बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि दोनों नशे के आदी थे और घर छोड़कर चले गए थे।

दो साल बाद सोनीपत से मिली किशोरी

बाहरी उत्तरी जिले के भलस्वा डेयरी इलाके से 2024 में लापता 15 वर्षीय लड़की को हरियाणा के सोनीपत से बरामद किया गया। जांच में पता चला कि वह एक युवक के साथ रहने लगी थी। इसी क्रम में बाहरी जिले के रन्होला इलाके से मार्च 2026 में लापता लड़की को सुल्तानपुरी से बरामद किया गया। वह पिता की डांट से नाराज होकर घर छोड़कर दोस्त के यहां रहने लगी थी। वहीं रोहिणी जिले के अमन विहार क्षेत्र से 2023 में लापता 16 वर्षीय लड़की को हरियाणा के रेवाड़ी से बरामद किया गया। घरेलू विवाद के चलते घर छोड़ने के बाद उसने वहीं रहकर काम किया और बाद में शादी भी कर ली थी। पुलिस उपायुक्त का कहना है कि हर लापता बच्चे की शिकायत को प्राथमिकता के साथ लिया जाता है और हर संभव प्रयास कर उन्हें सुरक्षित वापस लाया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी