संगम विहार में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़, 68 भारत गैस सिलेंडर बरामद
नई दिल्ली, 19 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी में एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संगम विहार इलाके में अवैध गैस भंडारण और रिफिलिंग रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 68 भारत गैस सिलेंडर बरामद किए हैं और इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त संजीव यादव ने रविवार को बताया कि क्राइम ब्रांच (मध्य रेंज) को संगम विहार इलाके में गैस सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी और रिफिलिंग की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसीपी सतेंद्र मोहन की निगरानी में इंस्पेक्टर महिपाल सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने जी-2 ब्लॉक, संगम विहार स्थित एक मकान पर छापा मारकर दीपक (37) और श्याम (45) को रंगे हाथों पकड़ लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 68 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए, जिनमें 36 भरे हुए, 29 खाली और 3 टूटे सील वाले सिलेंडर शामिल हैं। इसके अलावा गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाला मोटर, दो नोजल वाली पाइप और इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किए गए।
जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपित अधिकृत भारत गैस एजेंसी के डिलीवरी मैन हैं और संगम विहार इलाके में गैस सप्लाई की जिम्मेदारी निभाते थे। आरोप है कि ये लोग एजेंसी से सिलेंडर लेने के बाद उन्हें ग्राहकों तक पहुंचाने के बजाय अपने घर के पास जमा कर लेते थे। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपित भरे हुए सिलेंडरों से 1-2 किलो गैस निकालकर खाली सिलेंडरों में भरते थे और फिर इन्हें बाजार में अधिक कीमत पर बेचते थे। इस तरह वे कृत्रिम रूप से गैस की कमी पैदा कर मोटा मुनाफा कमा रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

