home page

लूट, झपटमारी और हत्या के प्रयास का आरोपित दबोचा

 | 
लूट, झपटमारी और हत्या के प्रयास का आरोपित दबोचा


नई दिल्ली, 21 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (सदर्न रेंज) ने लूट, झपटमारी और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में शामिल एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपित लंबे समय से फरार चल रहा था और उसे कोर्ट द्वारा भगाेड़ा भी घोषित किया जा चुका था।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त आदित्य गाैतम ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान राहुल उर्फ गंजा उर्फ लंगड़ा उर्फ संजय (32) के रूप में हुई है। वह रोहिणी का रहने वाला है। पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, वह वर्ष 2023 में मंगोलपुरी थाने में दर्ज मोबाइल झपटमारी के एक मामले में वांछित था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। वह विजय विहार और आसपास के इलाकों में भी सक्रिय था।

क्राइम ब्रांच को 20 मार्च को आरोपित की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम में एएसआई राम किशन, एएसआई सुरेश कुमार, कांस्टेबल प्रतीक, महिला हेड कांस्टेबल ज्योति और महिला कांस्टेबल पूनम शामिल थीं। टीम ने विजय विहार के लाल क्वार्टर इलाके में छापा मारकर आरोपित को दबोच लिया। जांच में पुष्टि हुई कि आरोपित को 25 नवंबर 2025 को कोर्ट द्वारा भगोड़ा घोषित किया गया था। इसके बावजूद वह पुलिस से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे बीएनएसएस की धारा 35(1)(डी) के तहत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, राहुल एक घोषित बदमाश है और उसके खिलाफ पहले से सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, झपटमारी, चोरी और हत्या के प्रयास जैसे संगीन अपराध शामिल हैं। वह खास तौर पर विजय विहार, मंगोलपुरी और आसपास के इलाकों में वारदातों को अंजाम देता था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी