home page

दिनदहाड़े पांच लाख की लूट का खुलासा, दो बदमाश गिरफ्तार

 | 
दिनदहाड़े पांच लाख की लूट का खुलासा, दो बदमाश गिरफ्तार


नई दिल्ली, 02 मई (हि.स.)। दिल्ली सनलाइट कॉलोनी इलाके में दिनदहाड़े पांच लाख रुपये की लूट और फायरिंग की वारदात का दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश कर दिया है। मामले में दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनका एक साथी अब भी फरार है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटी गई 3.92 लाख रुपये की नकदी, पीड़ित का मोबाइल फोन, एक देसी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, बटनदार चाकू और वारदात में इस्तेमाल स्पोर्ट्स बाइक बरामद की है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिजेंद्र यादव (32) निवासी बागपत, उप्र और पवन गिरी (32) निवासी मेरठ, उप्र के रूप में हुई है। दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है और कई गंभीर मामलों में पहले भी नाम सामने आ चुका है।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त संजीव यादव ने शनिवार को बताया कि 25 अप्रैल की शाम करीब 6:40 बजे शिकायतकर्ता शाकिर अली अपने साले जीशान के साथ काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर जा रहे थे। जीशान के पास एक बैग में पांच लाख रुपये नकद थे, जो वह पुरानी दिल्ली स्थित एक रिश्तेदार से लेकर लौट रहे थे। जैसे ही वे सनलाइट कॉलोनी इलाके में पहुंचे, स्पोर्ट्स बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेरकर रोक लिया। बदमाशों में दो के हाथ में पिस्टल और एक के पास चाकू था। आरोपितों ने नकदी से भरा बैग छीनने की कोशिश की, लेकिन जीशान ने विरोध किया। विरोध होते ही एक बदमाश ने शाकिर अली के पेट में गोली मार दी, जबकि दूसरे ने जीशान पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों के घायल होने के बाद आरोपित बैग में रखे पांच लाख रुपये और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से पहले होली फैमिली अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एम्स रेफर कर दिया गया। शिकायत के आधार पर सनलाइट कॉलोनी थाने में लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन एंड किडनैपिंग सेल को सौंपी गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय इनपुट जुटाए। जांच के दौरान 1 मई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपित आई.पी. पार्क रिंग रोड के पास आने वाले हैं। सूचना के आधार पर एसीपी पंकज अरोड़ा की देखरेख में टीम गठित कर जाल बिछाया गया। करीब 7:30 बजे स्पोर्ट्स बाइक पर आए दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। इसी दौरान आरोपित पवन गिरी ने पुलिस टीम पर पिस्टल तान दी, लेकिन हेड कांस्टेबल विनीत ने साहस दिखाते हुए उससे हथियार छीन लिया और दोनों आरोपितों को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपित पवन के पास से 1.94 लाख रुपये नकद, लूटा गया मोबाइल फोन और देशी पिस्टल बरामद हुई। वहीं बिजेंद्र के पास से 1.98 लाख रुपये नकद और बटनदार चाकू बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि बरामद नकदी लूट की रकम में उनका हिस्सा है और बरामद पिस्टल का इस्तेमाल ही वारदात में किया गया था।

वारदात से पहले की थी रेकी

आरोपितों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने वारदात से पहले पीड़ितों की गतिविधियों की रेकी की थी। उन्हें पहले से जानकारी थी कि पीड़ित बड़ी रकम लेकर निकलने वाले हैं। इसके बाद योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस के मुताबिक वारदात में शामिल तीसरा आरोपित संजय अभी फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। वहीं पूछताछ में यह भी सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल की गई स्पोर्ट्स बाइक वर्ष 2024 में सहारनपुर (उप्र) से छीनी गई थी। इस संबंध में वहां भी मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार बिजेंद्र यादव पहले आबकारी अधिनियम के दो मामलों और हत्या के प्रयास के एक मामले में शामिल रहा है। वहीं पवन गिरी मेरठ के एक हत्या के मामले में आरोपी है और फिलहाल जमानत पर बाहर था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी