दिल्ली में ड्रग्स नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, 4.5 करोड़ की नशीली दवाएं जब्त
नई दिल्ली, 29 मार्च (हि.स.)। राजधानी में नशे के कारोबार पर करारा प्रहार करते हुए दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने एक संगठित ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में करीब 4.5 करोड़ कीमत की साइकोट्रॉपिक दवाएं जब्त की हैं। मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने रविवार को बताया कि उत्तर पूर्वी दिल्ली क्षेत्र में ड्रग्स की खेप आने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद इंस्पेक्टर प्रवीण राठी के नेतृत्व में टीम ने जौहरीपुर रोड पर जाल बिछाया। यहां बाइक सवार एक युवक को एक नाबालिग के साथ दबोचा गया। आरोपित की पहचान नितिन पाठक (20) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके पास से 1.912 किलो अल्प्राजोलम की 11,900 गोलियां और 0.491 किलो ट्रामाडोल की 825 गोलियां बरामद हुईं। पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने उप्र के भोपुरा स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर संचालक प्रेम सिंह यादव (30) को गिरफ्तार किया। वहां से 1.218 किलो ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए।
जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने 21 मार्च को लक्ष्मी नगर निवासी शालू कुमार (45) को गिरफ्तार किया। जिसके पास से 1.627 किलो अल्प्राजोलम की गोलियां मिलीं। इसके बाद 23 मार्च को संजय सिंह (36) को भी दबोचा गया, जो इस नेटवर्क में सप्लाई चेन का अहम हिस्सा था।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य डॉक्टर की पर्ची पर मिलने वाली दवाओं को अवैध रूप से इकट्ठा कर उन्हें ऊंचे दामों पर सप्लाई करते थे। आरोपी नितिन पाठक पहले मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव रह चुका है, जिससे उसे दवाओं की मांग और सप्लाई की अच्छी जानकारी थी। वहीं, अन्य आरोपी भी मेडिकल स्टोर और दवा सप्लाई के काम से जुड़े रहे हैं। इस पूरे ऑपरेशन में कुल 3.539 किलो अल्प्राजोलम (करीब 3.5 करोड़) और 1.709 किलो ट्रामाडोल (करीब 1 करोड़) जब्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह दिल्ली-एनसीआर में बड़े स्तर पर सक्रिय था और लंबे समय से नशे की आपूर्ति कर रहा था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

