home page

जबलपुर में अवैध हथियार कारोबार पर कार्रवाई, 50 चाइना चाकू के साथ आरोपी गिरफ्तार

 | 
जबलपुर में अवैध हथियार कारोबार पर कार्रवाई, 50 चाइना चाकू के साथ आरोपी गिरफ्तार


जबलपुर, 17 अप्रैल (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के जबलपुर में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और माढ़ोताल थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 50 चाइना चाकू और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।

जबलपुर पुलिस ने शुक्रवार को ब्रीफ करते हुए बताया कि उक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार और मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 16 अप्रैल की रात क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि माढ़ोताल क्षेत्र के मदर टेरेसा नगर में किराए से रहने वाला पारस जैन अपने घर में बड़ी संख्या में चाइना चाकू रखकर बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान बताए गए हुलिए का व्यक्ति घर पर मिला, जिसने पूछताछ में अपना नाम पारस जैन (33), निवासी संग्रामपुर (दमोह), हाल निवासी मदर टेरेसा नगर माढ़ोताल बताया। तलाशी लेने पर उसके घर में पलंग के नीचे रखे बैग से 50 चाइना चाकू बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इन चाकुओं को 200 रुपये प्रति पीस के हिसाब से बेचने की तैयारी में था। उसने यह भी बताया कि चाकू उसे उसके रिश्तेदार अभि उर्फ अभिषेक गुप्ता (निवासी गिरिडीह, झारखंड) द्वारा भेजे गए थे।

पुलिस ने आरोपी पारस जैन को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं सहित बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी माढ़ोताल वीरेन्द्र सिंह पवार के नेतृत्व में की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक