बॉक्सर हत्याकांड में फरार अपराधी चंडीगढ़ से गिरफ्तार
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.)। बॉक्सर की सनसनीखेज हत्या के मामले में फरार चल रहे घोषित अपराधी को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान गांव खरखौदा, जिला सोनीपत (हरियाणा) निवासी विकास दहिया उर्फ सोनू उर्फ ठेकेदार (42) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपित लंबे समय से फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने सोमवार को बताया कि आरोपित का मुख्य मकसद पुरानी रंजिश के चलते अपने प्रतिद्वंद्वी बॉक्सर विकास डागर उर्फ भिंडा की हत्या करना था। आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर साजिश रची और वारदात के दिन खुद मुख्य हमलावर बनकर कई राउंड फायरिंग की, जिससे बॉक्सर की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार यह घटना 30 जुलाई 2025 को बाबा हरिदास नगर इलाके में हुई थी, जहां बॉक्सर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में एफआईआर संख्या 243/2025 धारा 103(1)/3(5)/209 बीएनएस व 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत बाबा हरिदास नगर थाने में मामला दर्ज किया गया था। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया था और 18 अक्टूबर 2025 को अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई थी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर इंस्पेक्टर विनोद यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपित की लोकेशन चंडीगढ़ में ट्रेस की और योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपित पहले भी हत्या के मामले में दोषी रह चुका है। वर्ष 2010 में सोनीपत के खरखौदा में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने के मामले में उसे उम्रकैद की सजा हुई थी, हालांकि बाद में उसे हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी।
पूछताछ में आरोपित ने वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है और अपने फरार साथियों के बारे में भी अहम जानकारी दी है। पुलिस अब सुमित राणा उर्फ छोटू और कृष्ण दहिया उर्फ महाराज की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

