home page

83 चोरी के मोबाइल के साथ दो गिरफ्तार, बांग्लादेश भेजने की थी तैयारी

 | 
83 चोरी के मोबाइल के साथ दो गिरफ्तार, बांग्लादेश भेजने की थी तैयारी


नई दिल्ली, 29 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (ईस्टर्न रेंज-1) ने चोरी के मोबाइल फोन के अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 83 महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। आरोपित इन मोबाइल को पश्चिम बंगाल के रास्ते बांग्लादेश भेजने की तैयारी में थे।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने रविवार को बताया कि 27 मार्च को इंस्पेक्टर आशीष शर्मा को यमुना विहार इलाके में सक्रिय एक गिरोह के बारे में पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारकर एक किराए के मकान की तीसरी मंजिल से दोनों आरोपितों को रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से एक कार्टन में पैक 83 चोरी के मोबाइल बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गाजियाबाद निवासी सावेज़ (34) और भलस्वा डेयरीनिवासी फर्दीन (25) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे ‘दानिश’ नाम के व्यक्ति से चोरी के मोबाइल खरीदते थे और उन्हें कूरियर के जरिए बांग्लादेश भेजते थे।पुलिस उपायुक्त के अनुसार बरामद मोबाइल फोन में आईफोन, सैमसंग, वन प्लस, वीवो, ओप्पो और रियलमी जैसे ब्रांड शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि कई मोबाइल के आईएमआई नंबर दिल्ली और उप्र में दर्ज चोरी के मामलों से मेल खा चुके हैं। पुलिस ने दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की तलाश के लिए पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी