home page

15 साल से फरार 10 हजार का इनामी हत्यारोपी गिरफ्तार

 | 
15 साल से फरार 10 हजार का इनामी हत्यारोपी गिरफ्तार


नई दिल्ली, 02 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने वर्ष 2011 के चर्चित हत्या और लूटकांड में पिछले 15 साल से फरार चल रहे 10 हजार के इनामी आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान नौशाद उर्फ लड्डू उर्फ मोहम्मद कमरे आलम (37) के रूप में हुई है।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने रविवार को बताया कि, 6 मार्च 2011 को शकरपुर थाना क्षेत्र के मंगल बाजार रोड, लक्ष्मी नगर में कारोबारी अतुल जैन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह गांधी नगर मार्केट में कमीशन एजेंट थे और कारोबार के बाद नकदी लेकर घर लौट रहे थे। घटना वाले दिन उनके बैग में करीब 8.50 लाख रुपये थे।

जांच में सामने आया था कि आरोपित अरशद ने अपने साथियों भूरा उर्फ मुस्तकीन, नदीम उर्फ नड्डा, नौशाद उर्फ लड्डू और जाकी अनवर के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी। आरोपितों ने अतुल जैन को रास्ते में रोककर नकदी लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर भूरा और नौशाद ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इसके बाद आरोपी नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घायल अतुल जैन को डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मामले की जांच के दौरान हत्या, डकैती, आपराधिक साजिश और अन्य धाराएं जोड़ी गईं। इस मामले में चार आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर अदालत में दोषी ठहराया जा चुका था, जबकि नौशाद फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार क्राइम ब्रांच की मध्य रेंज को फरार आरोपित को पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई। इंस्पेक्टर विनय कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने लंबे समय तक तकनीकी निगरानी, मानव स्रोतों से सूचना जुटाने और फील्ड वेरिफिकेशन के जरिए आरोपित की गतिविधियों पर नजर रखी। जांच में पता चला कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और पहचान छिपाकर रह रहा था। आखिरकार पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित शास्त्री पार्क फ्लाईओवर के पास आने वाला है। सूचना के आधार पर 1 अगस्त को जाल बिछाया गया और आरोपी को शास्त्री पार्क फ्लाईओवर के निकट से दबोच लिया गया।

पूछताछ में पता चला कि नौशाद मूल रूप से बिहार के सहरसा जिले का रहने वाला है। वह शादीशुदा है और दिल्ली के विभिन्न साप्ताहिक बाजारों में पुराने कपड़े बेचकर गुजारा कर रहा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी