home page

झारखंड में हत्या कर दिल्ली में छिपा था आरोपित, यमुना बाजार से दबोचा

 | 
झारखंड में हत्या कर दिल्ली में छिपा था आरोपित, यमुना बाजार से दबोचा


नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की मध्य रेंज टीम ने झारखंड के साहिबगंज जिले में हुए अपहरण और हत्या के मामले में फरार चल रहे एक आरोपित को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपित हत्या के बाद झारखंड से भागकर दिल्ली में छिपा हुआ था।

पुलिस के अनुसार, मामूली विवाद के बाद शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी में युवक की हत्या कर शव जंगल में छिपा दिया गया था। हैरानी की बात यह है कि वारदात में मृतक का सगा भाई भी शामिल था।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त संजीव यादव ने सोमवार को बताया कि झारखंड के साहिबगंज जिले के बोरियो थाने में 21 मई को एफआईआर नंबर-42/26 दर्ज हुई थी। मामला चंपई मरांडी नामक व्यक्ति के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से जुड़ा था। जांच के दौरान करीब 10 दिन बाद जंगल से शव बरामद हुआ, जिसके बाद मामले में हत्या की धाराएं जोड़ी गईं। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक आखिरी बार कुछ लोगों के साथ शराब पीते हुए देखा गया था। हत्या के बाद आरोपितों ने सबूत मिटाने के इरादे से शव जंगल में छिपा दिया और गांव छोड़कर फरार हो गए।

इसी बीच दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के हेड कांस्टेबल गौरव को सूचना मिली कि मामले का एक आरोपित सुखदेव मुर्मू उर्फ ताला दिल्ली के यमुना बाजार इलाके में हनुमान मंदिर के पास मौजूद है। मुखबिर ने बताया कि आरोपित ने कुछ लोगों के सामने अपने साथियों के साथ हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने झारखंड पुलिस से संपर्क किया। बोरियो थाने के अधिकारियों ने पुष्टि की कि मामला अपहरण से शुरू हुआ था लेकिन शव मिलने के बाद हत्या की धाराएं जोड़ी गईं। साथ ही यह भी स्पष्ट हुआ कि आरोपित घटना के बाद से फरार चल रहे थे।

सूचना पुख्ता होने के बाद क्राइम ब्रांच टीम ने यमुना बाजार इलाके में जाल बिछाया। तकनीकी निगरानी और लगातार नजर रखने के बाद 24 मई को सुबह करीब 11 बजे आरोपित सुखदेव मुर्मू को दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि 12 मई को वह, बाबूजी मरांडी, मंगल टुडू और चंपई मरांडी एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सह-आरोपितों ने चंपई मरांडी का गला दबाकर हत्या कर दी, जबकि सुखदेव ने भी वारदात में उनकी मदद की।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या में शामिल लोगों में मृतक का सगा भाई भी शामिल था। हत्या के बाद शव जंगल में छिपाकर सभी आरोपित फरार हो गए थे। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया आरोपित सुखदेव मुर्मू झारखंड के साहिबगंज जिले का रहने वाला है। वह मजदूरी कर अपना गुजारा करता है और शराब पीने का आदी बताया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी