home page

दिल्ली के आदर्श नगर हत्याकांड में फरार आरोपित गिरफ्तार

 | 
दिल्ली के आदर्श नगर हत्याकांड में फरार आरोपित गिरफ्तार


नई दिल्ली, 24 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपितों में से एक को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने गिरफ्तार किया है। आरोपित वारदात के बाद से लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था और राजधानी से फरार होने की कोशिश में था, लेकिन पुलिस की सटीक सूचना और रणनीति के चलते वह आखिरकार गिरफ्त में आ गया।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त राहुल अलवल ने शुक्रवार को बताया कि 23 अप्रैल को टीम को विशेष गुप्त सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में वांछित आरोपित अरबाज़ अली दिल्ली से बाहर भागने की फिराक में है और आउटर रिंग रोड के रास्ते निकल सकता है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एएनटीएफ की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकुंदपुरपुर और बुराड़ी के बीच आउटर रिंग रोड पर जाल बिछाया। कुछ ही देर में संदिग्ध गतिविधि के आधार पर आरोपित की पहचान कर उसे मौके से दबोच लिया।

जांच में सामने आया है कि 19 अप्रैल 2026 को आरोपित अरबाज अली ने अपने साथियों रितिक और कुणाल के साथ मिलकर आजादपुर स्थित ट्रांसपोर्ट सेंटर झुग्गी इलाके में एक दंपति पर जानलेवा हमला किया था। आरोपितों ने राखी और उसके पति अंशु पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए थे। हमले में गंभीर रूप से घायल राखी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जबकि उसका पति अंशु घायल अवस्था में बच गया।

घटना के बाद तीनों आरोपित मौके से फरार हो गए थे। स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सह-आरोपित रितिक और कुणाल को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था लेकिन अरबाज अली लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया था और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार क्राइम ब्रांच की एएनटीएफ ने तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से आरोपित की लोकेशन ट्रैक की। जैसे ही यह जानकारी मिली कि वह दिल्ली छोड़ने की कोशिश कर रहा है, टीम ने ऑपरेशन को अंजाम देते हुए उसे धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपित ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

पुलिस के अनुसार अरबाज़ अली की उम्र 20 वर्ष है और वह मुकुंदपुर पार्ट-1 व शालीमार गांव इलाके का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच में उसका कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। उसे संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी