अशोक विहार में युवक की हत्या का खुलासा दो नाबालिग दबोचे
नई दिल्ली, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर पश्चिमी जिले के अशोक विहार के पिकनिक हट पार्क में 6 अप्रैल को हुई हत्या के मामले काे क्राइम ब्रांच ने सुलझाते हुए दो नाबालिग आरोपियों को पकड़ा है। जिनकी पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई। दोनों आरोपित वारदात के बाद से फरार चल रहे थे और मुकरबा चौक फ्लाईओवर के पास से दबोचे गए। पुलिस तीसरे नाबालिग आरोपित की तलाश में जुटी है।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज ने साेमवार काे बताया कि छह अप्रैल की शाम अशोक विहार स्थित पिकनिक हट पार्क में एक युवक की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार क्राइम ब्रांच की नॉर्दर्न रेंज-1 टीम को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें कुछ संदिग्ध युवक नजर आए। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की गई और उनकी तलाश शुरू की गई।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार 12 अप्रैल को पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि हत्या में शामिल दो आरोपित मुकरबा चौक फ्लाईओवर के पास किसी साथी से पैसे लेने आने वाले हैं। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर अजय शर्मा के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। दोपहर करीब 2 बजे दोनों संदिग्ध वहां पहुंचे, जिन्हें मुखबिर की निशानदेही पर तुरंत पकड़ लिया गया।
पूछताछ में दोनों नाबालिग आरोपिताें ने हत्या में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली। उन्होंने बताया कि करीब दो महीने पहले उसी पार्क में उनका कुछ युवकों से झगड़ा हुआ था, जिसमें उन्हें बुरी तरह पीटा गया और अपमानित किया गया था। इस घटना का बदला लेने के लिए उन्होंने योजना बनाई।
तीनों आरोपिताें ने 6 अप्रैल को पीड़ित युवक को पार्क में बुलाया और झाड़ियों के पीछे ले जाकर उस पर हमला कर दिया। पहले उसे पीटा गया, लेकिन जब वह काबू में नहीं आया तो एक आरोपित ने डैगरनुमा चाकू से उस पर कई वार कर दिए। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद तीनों आरोपित फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों आरोपिताें को विधिक प्रक्रिया के तहत पकड़ लिया है और उन्हें संबंधित जांच अधिकारी को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और फरार तीसरे आरोपित की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

