रवि भारद्वाज हत्याकांड का पर्दाफाश, टिल्लू गैंग के तीन शूटर गिरफ्तार
नई दिल्ली, 27 मार्च (हि.स.)। राजधानी में 19 मार्च को हुए चर्चित रवि भारद्वाज हत्याकांड का क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश करते हुए टिल्लू गैंग के तीन शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों को रोहिणी इलाके में मुठभेड़ के बाद दबोचा। इस दौरान बदमाशों की गोलीबारी में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस के मुताबिक, बवाना थाना क्षेत्र में 19 मार्च को रवि भारद्वाज की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के पीछे गोगी गैंग और टिल्लू गैंग के बीच चल रही पुरानी रंजिश सामने आई थी। मामले में 20 मार्च को मुकदमा दर्ज कर जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त संजीव यादव ने शुक्रवार को बताया कि जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल डेटा के विश्लेषण से चेतन्य (22) की भूमिका सामने आई। उसे हरेवली स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि चेतन्य ने ही शूटरों को रवि भारद्वाज की लोकेशन, घर और दिनचर्या की जानकारी दी थी और वारदात के बाद मोबाइल से सबूत मिटा दिए थे। पुलिस उपायुक्त के अनुसार, वारदात के दिन पांच हमलावर दो बाइक पर सवार होकर गांव हरेवली पहुंचे और रवि भारद्वाज पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
इसके बाद 26 मार्च को सूचना मिली कि मुख्य शूटर कुणाल उर्फ शंटी अपने एक साथी के साथ रोहिणी सेक्टर-28 में आने वाला है। क्राइम ब्रांच की टीम ने घेराबंदी कर स्कूटी सवार दोनों को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपितों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए और उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया। मुठभेड़ के दौरान एसीपी संजय नागपाल और हेड कांस्टेबल रोहित को भी गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट के कारण उनकी जान बच गई। एक गोली एसीपी के कपड़ों को चीरते हुए निकल गई। गिरफ्तार आरोपितों में कुणाल उर्फ शंटी (23) निवासी झज्जर, हरियाणा, चेतन्य (22) निवासी हरेवली और एक नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, आठ खोखे और एक चोरी की स्कूटी बरामद की है। पुलिस अधिकारी के अनुसार जांच में तरुण उर्फ टोरी नामक आरोपित की भी अहम भूमिका सामने आई है, जिसने साजिश में समन्वय का काम किया। पुलिस के अनुसार, यह हत्या टिल्लू और गोगी गैंग के बीच लंबे समय से चल रही गैंगवार का हिस्सा है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है और पूरे गिरोह के नेटवर्क को खंगाल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

