दो लापता युवतियों को पुलिस ने खोजकर परिवार से मिलवाया
नई दिल्ली, 04 मई (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दो अलग-अलग मामलों में लापता दो युवतियों को खाेजकर परिवार से मिलवाया है। इनमें एक नाबालिग किशोरी शामिल है, जो करीब तीन वर्ष से लापता थी, जबकि दूसरी 18 वर्षीय युवती की तलाश में दिल्ली पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। दोनों युवतियों को तलाश कर संबंधित थाना पुलिस को सौंप दिया गया है, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने साेमवार काे बताया कि पहला मामला वजीराबाद थाना क्षेत्र का है, जहां 16 वर्षीय किशोरी 17 मई 2023 से लापता थी। परिवार की शिकायत पर वजीराबाद थाने में अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। किशोरी का पता लगाने के लिए क्राइम ब्रांच की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) को लगाया गया। टीम ने तकनीकी निगरानी, खुफिया तंत्र और विभिन्न स्थानों पर छानबीन के बाद किशोरी को खरखरी रेलवे स्टेशन क्षेत्र (उप्र) से बरामद किया। पूछताछ में किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह एक युवक के साथ प्रेम संबंध में थी और उसके साथ विवाह कर रह रही थी।
दूसरा मामला अलीपुर थाना क्षेत्र का है, जहां 18 फरवरी 2026 से 18 वर्षीय युवती लापता थी। काफी प्रयासों के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर दिल्ली पुलिस ने उसकी जानकारी देने वाले के लिए 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद क्राइम ब्रांच की एनआर-2 टीम को जांच सौंपी गई। टीम ने मोबाइल सर्विलांस और स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर युवती की लोकेशन समयपुर बादली क्षेत्र में ट्रेस की। पुलिस ने वहां दबिश देकर युवती को बरामद कर लिया। पूछताछ में इस युवती ने भी बताया कि वह एक युवक के साथ प्रेम संबंध में थी और उससे शादी कर उसके साथ रह रही थी। युवती काे अलीपुर थाना पुलिस को सौंप दिया गया है, जहां आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

