शाहीन बाग में एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी का भंडाफोड़, तीन आरोपित गिरफ्तार
नई दिल्ली, 18 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शाहीन बाग इलाके में छापेमारी कर 108 एलपीजी सिलेंडर और दो वाहन बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल अवैध ढंग से गैस की सप्लाई और ट्रांसपोर्ट के लिए किया जा रहा था।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने शनिवार को बताया कि यह कार्रवाई 18 अप्रैल को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने 40 फुटा रोड, शाहीन बाग में छापेमारी कर इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कुलदीप (35), आशीष (22) और विजय (28) के रूप में हुई है, जो हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सूर्य विहार के रहने वाले हैं। इनमें से कुलदीप पहले भी एक आपराधिक मामले में शामिल रह चुका है। जांच में सामने आया है कि आरोपित घरेलू उपयोग के लिए सब्सिडी पर मिलने वाले एलपीजी सिलेंडरों को स्थानीय गैस एजेंसी से अवैध रूप से हासिल करते थे। इसके बाद वे इन सिलेंडरों से गैस निकालकर खाली सिलेंडरों में भरते और उन्हें बाजार में ऊंचे दामों पर बेचते थे। इस तरह वे न केवल सरकारी सब्सिडी का दुरुपयोग कर रहे थे, बल्कि बाजार में कृत्रिम कमी भी पैदा कर रहे थे।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की अवैध रिफिलिंग से गंभीर हादसों का खतरा भी बना रहता है, क्योंकि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता। पुलिस अब इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और पूरे सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कालाबाजारी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

