home page

इंस्टाग्राम पर दोस्ती बनी खतरा, 13 साल की बच्ची को दिल्ली पुलिस ने सुरक्षित बरामद किया

 | 
इंस्टाग्राम पर दोस्ती बनी खतरा, 13 साल की बच्ची को दिल्ली पुलिस ने सुरक्षित बरामद किया


नई दिल्ली, 19 अप्रैल (हि.स.)। सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के बीच बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक अहम मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटीयू) यूनिट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 13 वर्षीय नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर उसके परिवार से मिलवा दिया। पुलिस की इस कार्रवाई ने न सिर्फ एक संभावित गंभीर अपराध को टाल दिया, बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के खतरों को भी उजागर किया है।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने रविवार को बताया कि यह मामला शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र का है, जहां 22 जनवरी को एक 13 वर्षीय बच्ची लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर 25 जनवरी को अपहरण का मामला दर्ज किया गया। बच्ची के लापता होने से परिवार और पुलिस दोनों के लिए चिंता बढ़ गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एएचटीयू की टीम ने तत्काल जांच शुरू की। इंस्पेक्टर मनोज दहिया के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल प्रदीप, कांस्टेबल अशोक और महिला कांस्टेबल मिंटू की टीम ने तकनीकी सर्विलांस और फील्ड इंटेलिजेंस के जरिए बच्ची की तलाश शुरू की। जांच के दौरान टीम ने राजस्थान के सीकर इलाके में कई जगह छापेमारी की।

आखिरकार पुलिस ने बच्ची को दिल्ली के सराय काले खां आईएसबीटी इलाके से बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि बच्ची की एक युवक से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और 22 जनवरी को युवक दिल्ली आकर बच्ची को अपने साथ लेकर राजस्थान के सीकर चला गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला सोशल मीडिया के खतरों को लेकर एक बड़ा संकेत है, जहां अनजान लोग बच्चों का भरोसा जीतकर उन्हें गलत दिशा में ले जा सकते हैं। समय रहते पुलिस की सक्रियता से बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया।

दिल्ली पुलिस ने इस घटना के बाद अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें और उनसे खुलकर बातचीत करें। वहीं बच्चों को भी सलाह दी गई है कि वे सोशल मीडिया पर अजनबियों से दूरी बनाए रखें, अपनी निजी जानकारी साझा न करें और बिना परिवार को बताए किसी से मिलने न जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी