home page

सीतापुरी में गैस सिलेंडर का काला खेल बेनकाब, 17 सिलेंडर बरामद

 | 
सीतापुरी में गैस सिलेंडर का काला खेल बेनकाब, 17 सिलेंडर बरामद


नई दिल्ली, 01 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध स्टोरेज के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डाबड़ी इलाके में चल रहे एक रैकेट का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान 17 गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें भारत, हिंदुस्तान और इंडेन गैस के सिलेंडर शामिल हैं।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने बुधवार को बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सीतापुरी इलाके में अवैध रूप से एलपीजी सिलेंडरों का भंडारण और रिफिलिंग की जा रही है। सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने पुख्ता जानकारी के बाद सीतापुरी में छापा मारा, जहां एक दुकान में बड़े पैमाने पर अवैध गतिविधि संचालित होती मिली। मौके पर दुकानदार मोहन लाल गर्ग (61) को घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग करते हुए पकड़ा गया। जांच में सामने आया कि आरोपी 200 प्रति किलोग्राम की दर से गैस भरकर खुले बाजार में बेच रहा था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित ने नियमों को ताक पर रखकर बड़ी संख्या में घरेलू एलपीजी सिलेंडर जमा कर रखे थे। इन सिलेंडरों को अवैध तरीके से भरकर ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी, जिससे वह गलत तरीके से मुनाफा कमा रहा था। आरोपि ने इस अवैध स्टॉक को अपने नियमित कारोबार की आड़ में छिपा रखा था, ताकि किसी को शक न हो। छापेमारी के दौरान खाद्य आपूर्ति विभाग की अधिकारी हरजीत कौर को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की। बरामद सिलेंडरों को डाबड़ी थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।

इस मामले में थाना डाबड़ी में एफआईआर नंबर 209/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 287/288 और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से न केवल कालाबाजारी पर रोक लगेगी बल्कि आम लोगों को जरूरी वस्तुएं तय कीमत पर उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी। क्राइम ब्रांच ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी