सोशल मीडिया पर हथियारों संग फोटो डालना पड़ा भारी, मेरठ का हथियार सप्लायर गिरफ्तार
नई दिल्ली, 16 मई (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का खुलासा करते हुए मेरठ के एक हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया है। जबकि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ फोटो अपलोड करने वाले एक नाबालिग को भी पकड़ा है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में अब तक कुल दो पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया जा चुका है।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त आदित्य गौतम ने शनिवार को बताया कि यह कार्रवाई एफआईआर संख्या 0122/2026, आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामले की जांच के दौरान की गई। इससे पहले 9 मई को सोनिया विहार निवासी नवीन उर्फ विवेक को गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से एक सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। पूछताछ के दौरान नवीन ने दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क के बारे में जानकारी दी थी।
नवीन ने पुलिस को बताया कि वह मेरठ से हथियार खरीदता था। इसके बाद क्राइम ब्रांच की सदर्न रेंज टीम ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना तंत्र के जरिए मेरठ निवासी दानिश की पहचान की। पुलिस ने लगातार निगरानी के बाद 13 मई को उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस जांच में सामने आया कि दानिश दिल्ली और एनसीआर के अपराधियों को अवैध हथियार सप्लाई करता था। वह पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। मेरठ के दिल्ली गेट थाने में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत तीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार जांच के दौरान एक और अहम खुलासा हुआ। पुलिस को पता चला कि एक नाबालिग सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ अपनी तस्वीरें अपलोड कर रहा था। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस पहले नवीन तक पहुंची और फिर पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। 14 मई को पुलिस ने उस नाबालिग को भी पकड़ लिया। वह तुगलकाबाद एक्सटेंशन का रहने वाला है और एसी रिपेयर की दुकान पर काम करता है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करना अब अपराधियों के लिए पहचान और नेटवर्क बनाने का जरिया बनता जा रहा है। इसी वजह से ऐसे अकाउंट्स पर विशेष नजर रखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

