home page

हाशिम बाबा गैंग के दो शार्प शूटर गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर फैलाते थे दहशत

 | 
हाशिम बाबा गैंग के दो शार्प शूटर गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर फैलाते थे दहशत


नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने हाशिम बाबा गैंग से जुड़े दो शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान दरियागंज निवासी अथर मिर्जा (22) और अब्दुल अहद (22) के रूप में हुई है। दोनों आरोपित सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो और रील बनाकर लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश करते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से एक हाई एंड सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त संजीव यादव ने मंगलवार काे बताया कि दोनों आरोपित थाना जामा मस्जिद में दर्ज जान से मारने की धमकी और आर्म्स एक्ट के मामले में वांछित चल रहे थे। इसके अलावा इनका नाम दक्षिण दिल्ली के कई स्नैचिंग मामलों में भी सामने आया है।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार क्राइम ब्रांच की एआरएससी टीम को 24 मई को सूचना मिली थी कि हाशिम बाबा गैंग से जुड़े दो बदमाश अथर मिर्जा और अब्दुल अहद दिल्ली में आने वाले हैं। सूचना के बाद इंस्पेक्टर मान सिंह और इंस्पेक्टर सुंदर गौतम के नेतृत्व में टीम ने रमेश पार्क, पुश्ता रोड इलाके में जाल बिछाया। शाम करीब पांच बजे दोनों संदिग्ध वहां पहुंचे, जिसके बाद पुलिस टीम ने उन्हें दबाेच लिया। तलाशी लेने पर अथर मिर्जा के पास से .32 बोर की सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। वहीं अब्दुल अहद के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस मिला। इसके बाद क्राइम ब्रांच थाने में एफआईआर संख्या 137/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों के साथ वीडियो और रील बनाकर अपलोड करते थे। इसका मकसद इलाके में दहशत फैलाना और अपराध की दुनिया में अपना प्रभाव बढ़ाना था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गैंग से जुड़े लोग आरोपिशाें को हथियार उपलब्ध कराते थे। इन्हीं हथियारों के दम पर आरोपित फायरिंग, धमकी और अन्य वारदातों को अंजाम देते थे।पुलिस अधिकारी के अनुसार जांच में सामने आया कि अथर मिर्जा ने कम उम्र में ही अपराध की राह पकड़ ली थी। दरियागंज के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाला अथर 12वीं के दौरान पढ़ाई छोड़कर काम करने लगा। 15 साल की उम्र में स्थानीय युवकों से झगड़े में चाकू से हमला करने के मामले में पकड़ा गया था। वहीं वर्ष 2023 में वह एक फायरिंग मामले में शामिल हुआ। इसके बाद 2024 में शादी समारोह के दौरान भी गोलीबारी की घटना में उसका नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार जेल में रहने के दौरान उसका संपर्क हाशिम बाबा गैंग से हुआ। जेल से बाहर आने के बाद उसने लोगों को धमकाना और दहशत फैलाना शुरू कर दिया। अथर के दोनों भाई भी लूट और हत्या के मामलों में जेल में बंद हैं। वहीं अब्दुल अहद ने दसवीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। पुलिस के मुताबिक गलत संगत में पड़ने के बाद वह सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो बनाने लगा। करीब 17 साल की उम्र में मोबाइल झपटमारी के मामले में पकड़ा गया था। बाद में सड़क पर हुए विवाद में हत्या के मामले में भी किशोर न्याय बोर्ड के तहत कार्रवाई हुई। जेल के दौरान उसकी दोस्ती अथर मिर्जा से हुई और इसके बाद दोनों ने मिलकर अपराध करना शुरू कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी