कैफे में हत्या कर फरार हुआ हाशिम बाबा गैंग का शूटर हरियाणा से गिरफ्तार
नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने हत्या के मामले में फरार चल रहे कुख्यात बदमाश और हाशिम बाबा गैंग से जुड़े शूटर को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने मंगलवार को बताया कि क्राइम ब्रांच की एनडीआर यूनिट टीम ने करीब चार महीने से फरार चल रहे आरोपित रुहैल उर्फ साहिल (28) को हरियाणा के करनाल से गिरफ्तार किया है। आरोपित दिल्ली के वेलकम इलाके में कैफे के अंदर हुई चर्चित हत्या के मामले में वांछित था। आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और भूमिगत होकर रह रहा था।
पुलिस उपायुक्त के मुताबिक, आरोपित रुहैल उर्फ साहिल मूल रूप से बुलंदशहर के अनूपशहर क्षेत्र का रहने वाला है और हाशिम बाबा गैंग से जुड़ा हुआ है। उसके खिलाफ थाना वेलकम में 23 जनवरी 2026 को दर्ज एफआईआर संख्या 50/26 के तहत हत्या और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज था। आरोपित के खिलाफ अदालत की ओर से बीएनएसएस की धारा 84 के तहत कार्रवाई भी जारी की गई थी।
पुलिस अधिकारी के अनुसार पुलिस जांच में सामने आया कि रुहैल उर्फ साहिल ने अपने साथियों मोइन कुरैशी और सुहैल के साथ मिलकर थाना वेलकम क्षेत्र के एक कैफे में फैजान उर्फ फज्जी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या की वजह बेहद मामूली विवाद था। बताया गया कि मृतक फैजान ने आरोपित मोइन कुरैशी के पिता को उनके पहले नाम से बुला दिया था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और बाद में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि सह-आरोपित मोइन कुरैशी स्थानीय अपराधी है और गैंगस्टर राशिद केबलवाला से जुड़ा हुआ है। मोइन को स्पेशल सेल ने फरवरी 2026 में एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। जबकि रुहैल और सुहैल फरार चल रहे थे। या गया।
पुलिस अधिकारी के अनुसार लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को 24 और 25 मई की रात आरोपित के हरियाणा के करनाल में होने की पुख्ता जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही टीम ने दबिश देकर उसे दबोचा। बाद में आरोपित को अदालत में पेश किया गया। पूछताछ में सामने आया कि रुहैल उर्फ साहिल पहले बढ़ई का काम करता था। वह बहुत कम पढ़ा-लिखा है और केवल हस्ताक्षर करना जानता है। पुलिस के मुताबिक, दिल्ली आने के बाद वह अपराधियों के संपर्क में आया और धीरे-धीरे चोरी जैसे अपराधों में शामिल हो गया। बाद में उसने हथियार और गंभीर अपराधों की दुनिया में कदम रख दिया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपित पहले भी कई मामलों में शामिल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

