home page

14 साल से फरार डकैत गैंग का सरगना गिरफ्तार, दिल्ली-पंजाब में कई वारदातों का था मास्टरमाइंड

 | 
14 साल से फरार डकैत गैंग का सरगना गिरफ्तार, दिल्ली-पंजाब में कई वारदातों का था मास्टरमाइंड


-गोंडा से दबोचा गया उप्र का कुख्यात अपराधी, 20 से अधिक मामलों में रहा शामिल

नई दिल्ली, 12 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पिछले 14 साल से फरार चल रहे कुख्यात अपराधी और गैंगस्टर अर्जुन प्रसाद उर्फ अर्जुन पासी (44) को उप्र के गोंडा जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपित दिल्ली और पंजाब में डकैती व लूट की कई वारदातों में वांछित था और 2012 से लगातार पुलिस से बचता फिर रहा था।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त संजीव यादव ने रविवार काे बताया कि आरोपित गोंडा का रहने वाला है और उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना गांव छोड़कर जानकी नगर इलाके में नई पहचान बना ली थी। क्राइम ब्रांच की मध्य रेंज टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर 11 अप्रैल को छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार जांच में सामने आया कि अर्जुन पासी कई बड़े मामलों का मास्टरमाइंड रहा है। वर्ष 2012 में पंजाबी बाग इलाके में एक घर में घुसकर करीब 400 ग्राम सोना लूटा गया था। इस दौरान महिला और उसके बेटे को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया गया। वर्ष 2016 में मोती नगर इलाके में 25 लाख रुपये के जेवर और एक लाइसेंसी पिस्टल चोरी की घटना में भी उसका हाथ था। इसके अलावा 2018 में लुधियाना के मॉडल टाउन में 40 लाख रुपये नकद और 1.25 किलो सोने की डकैती में भी वह शामिल रहा।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपित अपने गिरोह के साथ बेहद सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। गिरोह पहले घरों में नाबालिग को घरेलू नौकर बनाकर भेजता था, जो घर की पूरी जानकारी जुटाता था। इसके बाद रात के समय हथियारों के बल पर घरवालों को काबू कर लूटपाट की जाती थी। चोरी का माल गोंडा के एक सुनार के जरिए ठिकाने लगाया जाता था। पुलिस के अनुसार, अर्जुन पासी के खिलाफ दिल्ली, हरियाणा, उप्र और पंजाब में करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले भी गैंगस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार हो चुका है, लेकिन दिल्ली और पंजाब के डकैती मामलों में फरार चल रहा था। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों का कहना है कि आरोपित से पूछताछ कर उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी