टिल्लू गैंग का शार्प शूटर संदीप उर्फ डागू महाराज गिरफ्तार, अलीपुर फायरिंग कांड में था फरार
नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। बाहरी उत्तरी जिले के अलीपुर थाना क्षेत्र स्थित रमजानपुर गांव में विवादित प्लॉट पर कब्जे को लेकर हुई फायरिंग के मामले में क्राइम ब्रांच ने टिल्लू उर्फ ताजपुरिया गैंग के सक्रिय शूटर संदीप उर्फ डागू महाराज और उसके साथी दीपक को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को नरेला इलाके से दबोचा गया। इनके कब्जे से एक पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो-एन कार बरामद हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और साजिश से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
क्राइम ब्रांच के विशेष आयुक्त एचजीएस धालीवाल ने बुधवार को बताया कि 30 अक्टूबर 2025 की रात करीब 40-45 बदमाशों ने रमजानपुर गांव के एक विवादित प्लॉट पर धावा बोल दिया था। आरोपितों ने प्लॉट पर मौजूद लोगों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। इस दौरान गैंग की अगुवाई कर रहे संदीप उर्फ डागू महाराज ने करीब 12 राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए थे। मामले में अलीपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी, जबकि क्राइम ब्रांच भी आरोपितों की तलाश में जुटी हुई थी।
जांच के दौरान क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि मुख्य आरोपित संदीप अपने साथी दीपक के साथ नरेला इलाके में आने वाला है। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर दोनों को स्कॉर्पियो-एन कार सहित गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से एक पिस्टल और आठ कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में संदीप ने बताया कि वह वर्ष 2011 में पहली बार मोबाइल झपटमारी के मामले में गिरफ्तार हुआ था। इसके बाद वह लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल होता चला गया। वर्ष 2016 से 2022 के बीच वह सोनीपत जेल में बंद रहा, जहां उसकी मुलाकात कुख्यात गैंगस्टर टिल्लू उर्फ ताजपुरिया से हुई। जेल से निकलने के बाद वह टिल्लू गैंग का सक्रिय सदस्य बन गया और गैंग के लिए कई वारदातों को अंजाम देने लगा।
पुलिस के अनुसार संदीप के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास समेत छह आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि उसके साथी दीपक पर चार मुकदमे पहले से दर्ज हैं। अपराध शाखा अब दोनों आरोपितों से पूछताछ कर फायरिंग की साजिश, गैंग के अन्य सदस्यों और वारदात में शामिल फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

