home page

मियाद खत्म हो चुके खाद्य पदार्थों को दोबारा पैक कर बेचने के रैकेट का भंडाफोड़

 | 
मियाद खत्म हो चुके खाद्य पदार्थों को दोबारा पैक कर बेचने के रैकेट का भंडाफोड़


नई दिल्ली, 03 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े संगठित रैकेट का क्राइम ब्रांच ने भंडाफोड़ किया है। द्वारका के बामनौली इलाके में चल रहे इस अवैध धंधे में मियाद खत्म हो चुके खाद्य और पेय पदार्थों को दोबारा पैक कर बाजार में बेचा जा रहा था। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली तारीखों वाले प्रोडक्ट बरामद करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

क्राइम बांच के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने शुक्रवार को बताया कि, 29 मार्च को सूचना मिली थी कि बामनौली गांव स्थित एक गोदाम में मल्टीनेशनल कंपनियों के एक्सपायर्ड या एक्सपायरी के करीब उत्पादों की तारीख बदलकर उन्हें बाजार में दोबारा सप्लाई किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर अक्षय गहलौत के नेतृत्व में टीम गठित की गई और 31 मार्च को सेक्टर-28 द्वारका स्थित गोदाम पर छापा मारा गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में कोल्ड ड्रिंक्स और खाद्य सामग्री मिली, जिनकी एक्सपायरी डेट और बैच नंबर से छेड़छाड़ की गई थी। मौके से शिवम और लोकेश को पकड़ा गया, जिन्होंने पूछताछ में बताया कि यह पूरा कारोबार गुरुग्राम निवासी कमल मुद्गिल के इशारे पर चल रहा था। कुछ ही देर में कमल मुद्गिल भी मौके पर पहुंच गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपित के पास से थम्स अप, स्प्राइट, लिम्का, कोका-कोला सहित सैकड़ों कैन और बड़ी मात्रा में ब्रांडेड बिस्कुट बरामद किए गए हैं। साथ ही एक डोमिनो प्रिंटिंग मशीन और थिनर केमिकल भी मिला, जिनका इस्तेमाल असली तारीख मिटाकर नई नकली तारीख छापने में किया जाता था।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपित बाजार से सस्ते दामों में मियाद खत्म हो चुके सामान खरीदते थे, फिर उस पर लगी मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट को मिटाकर नई तारीख छाप देते थे और दोबारा पैक कर बाजार में ऊंचे दामों पर बेचते थे।

इस मामले में क्राइम ब्रांच थाने में केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से बड़ी मात्रा में असुरक्षित खाद्य सामग्री बाजार में पहुंचने से रोकी गई है, जिससे लोगों की सेहत को बड़ा खतरा टल गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी