एक्सपायर्ड खाद्य व कॉस्मेटिक सामान को नया बताकर बेचने वाला गिरफ्तार
नई दिल्ली, 28 फ़रवरी (हि.स.)। राजधानी में उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करने वाले बड़े रैकेट का क्राइम ब्रांच ने भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित एक्सपायर्ड खाद्य और कॉस्मेटिक उत्पादों की तारीख बदलकर बाजार में ताजा बताकर बेच रहा था। पुलिस ने भारी मात्रा में दैनिक उपयोग के उत्पाद जब्त किया है।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने शनिवार को बताया कि जगतपुर स्थित गली नंबर 9बी, पुस्ता रोड पर एक गोदाम में छापेमारी की गई। यहां ओमप्रकाश शर्मा (40) अवैध तरीके से एक्सपायर्ड सामान को दोबारा पैक कर बाजार में सप्लाई करने की तैयारी कर रहा था।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार जांच में सामने आया कि आरोपित बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड खाद्य व कॉस्मेटिक उत्पादों का भंडारण करता था। इन पर दर्ज मूल एक्सपायरी डेट और बैच नंबर को रसायन की मदद से मिटाया जाता था। इसके बाद नई निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट छापकर उत्पादों को दोबारा पैक किया जाता था, ताकि वे असली और ताजा प्रतीत हों। इसके बाद इन्हें थोक बाजार में सप्लाई किया जाता था। पुलिस का कहना है कि यह संगठित गतिविधि थी, जिसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को धोखा देकर अवैध मुनाफा कमाना था। विशेष रूप से एंटीसेप्टिक, पोषक उत्पाद और खाद्य सामग्री जैसे सामान स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकते थे।
पुलिस अधिकारी के अनुसार क्राइम ब्रांच ने इस मामले में प्राथमिकी संख्या 35/2026 दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब एक्सपायर्ड माल के स्रोत, थोक सप्लायर और उन बाजारों की पहचान में जुटी है, जहां इस तरह का सामान सप्लाई किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को संभावित स्वास्थ्य खतरे से बचाया गया है। मामले में अन्य आरोपितों की तलाश जारी है और आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

