home page

दिल्ली में नकली ऑटो पार्ट्स का बड़ा रैकेट पर्दाफाश, 10 लाख के सामान के साथ तीन गिरफ्तार

 | 
दिल्ली में नकली ऑटो पार्ट्स का बड़ा रैकेट पर्दाफाश, 10 लाख के सामान के साथ तीन गिरफ्तार


नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में नकली ऑटो पार्ट्स और इंजन ऑयल के बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में करीब 10 लाख रुपये के नकली स्पेयर पार्ट्स, पैकेजिंग सामग्री और एक प्रिंटिंग यूनिट बरामद की है। यह गिरोह नामी कंपनियों के ब्रांड का दुरुपयोग कर बाजार में नकली सामान बेच रहा था।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने शुक्रवार को बताया कि यह कार्रवाई इंद्रलोक, झंडेवालन और मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया में की गई छापेमारी के दौरान की गई। पुलिस टीम ने दोपहिया वाहनों के नकली ब्रेक शू, पैकेजिंग सामग्री और फर्जी ब्रांडिंग से जुड़े सामान बरामद किए हैं। इस मामले में रियाजुद्दीन (51), अनिल कुमार (60) और अर्जुन कुमार (49) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उपायुक्त के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग नामी कंपनियों के ट्रेडमार्क का इस्तेमाल कर नकली ऑटो पार्ट्स तैयार कर रहे हैं। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने कंपनियों के अधिकृत प्रतिनिधियों के साथ मिलकर छापेमारी की। जांच के दौरान इंदरलोक और झंडेवालन में छापे मारकर दो आरोपितों को पकड़ा गया।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपितों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि नकली स्टिकर और पैकेजिंग तैयार करने के लिए एक प्रिंटिंग यूनिट भी चलाई जा रही थी। इसके बाद पुलिस ने तीसरे आरोपित अर्जुन कुमार को गिरफ्तार किया, जो फर्जी स्टिकर और ब्रांड मार्क छापने का काम करता था।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 1040 जोड़ी नकली ब्रेक शू, 50 बंडल खाली पैकेजिंग, लगभग 14 हजार नकली एमआरपी स्टिकर, 400 नकली कार्टन बॉक्स, 67 हजार से ज्यादा प्लास्टिक पैकिंग और 10 प्रिंटेड रोल बरामद किए हैं। इसके अलावा पूरी प्रिंटिंग यूनिट को भी जब्त कर लिया गया। जांच में सामने आया है कि आरोपित रियाजुद्दीन और अनिल कुमार पहले भी कॉपीराइट और ट्रेडमार्क उल्लंघन के मामलों में शामिल रहे हैं। इसके बावजूद वे दोबारा इस अवैध कारोबार में सक्रिय हो गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी