home page

अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया, पांच करोड़ की कोकीन बरामद

 | 
अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया, पांच करोड़ की कोकीन बरामद


नई दिल्ली, 26 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बरेली आधारित एक ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह से करीब पांच करोड़ रुपये कीमत की उच्च गुणवत्ता वाली 456 ग्राम कोकीन (क्रैंक) बरामद की है। मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त आदित्य गौतम ने रविवार को बताया कि क्राइम ब्रांच के इंटर स्टेट सेल यूनिट को 10 अप्रैल को सूचना मिली थी कि बरेली से दिल्ली-एनसीआर में कोकीन की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर गाजीपुर गोलचक्कर के पास जाल बिछाकर बरेली निवासी जावेद हुसैन (29) को गिरफ्तार किया गया। उसकी तलाशी में 456 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन बरामद हुई। इस संबंध में क्राइम ब्रांच थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में जावेद ने खुलासा किया कि बरामद मादक पदार्थ उसे बरेली निवासी सोइब खान (25) ने उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने जावेद को रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर 22 अप्रैल को बरेली में स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी की और सोइब खान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि जावेद उत्तर-पूर्वी दिल्ली की एक जींस फैक्टरी में काम करता है, जबकि सोइब खान के खिलाफ कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। दोनों आरोपित अशिक्षित हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। साथ ही मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला और नेटवर्क से जुड़े अन्य ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी