अफीम तस्करी में तीन साल से फरार गिरफ्तार, राष्ट्रीय स्तर का पहलवान रह चुका
नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थ तस्करी के मामले में करीब तीन साल से फरार चल रहे घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान रोहतक निवासी अमित श्योराण के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अमित राष्ट्रीय स्तर का पहलवान रह चुका है और हरियाणा व दिल्ली के अखाड़ों में अभ्यास करने वाले पहलवानों तक अफीम पहुंचाता था। झारखंड के रांची स्थित धुर्वा (तुपुदाना) थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में अदालत ने उसे 6 दिसंबर 2023 को भगोड़ा घोषित किया था।
पुलिस अधिकारी के अनुसार क्राइम ब्रांच की एनआर -II यूनिट को आरोपित के बारे में लगातार तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र से जानकारी मिल रही थी। पुलिस को 18 अगस्त को सूचना मिली कि अमित अपने किसी रिश्तेदार से मिलने रानीबाग-पितमपुरा इलाके में आएगा और मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन की तरफ जाएगा। टीम ने वहां घेराबंदी की और रात करीब 10 बजे उसे पहचान के बाद पकड़ लिया। बाद में उसे झारखंड पुलिस के जांच अधिकारी के हवाले कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 20 अप्रैल 2023 को धुर्वा थाना पुलिस ने 492 ग्राम अफीम के साथ झारखंड के खूंटी निवासी राजेश नाग को पकड़ा था। पूछताछ में उसने बताया था कि वह अफीम की खेती करता था और उत्तर भारत के पहलवानों को इसकी सप्लाई करता था। उसने रंजीत और अमित श्योराण को अफीम लेने वालों के रूप में बताया था। इसी आधार पर धुर्वा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ था।
पूछताछ में अमित ने पुलिस को बताया कि उसने 14 साल की उम्र में गांव के अखाड़े से कुश्ती शुरू की थी। 17 साल की उम्र में रोहतक के मेहर सिंह अखाड़े और बाद में छत्रपाल स्टेडियम से जुड़ा। उसके मुताबिक, कई पहलवान ज्यादा देर तक अभ्यास करने के लिए अफीम का सेवन करते थे। इसी दौरान उसकी मुलाकात रंजीत से हुई, जो दिल्ली समेत दूसरे राज्यों के अखाड़ों में अफीम पहुंचाता था।
अमित ने 2013 में कन्याकुमारी में हुई नेशनल कैडेट कुश्ती प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया था। वह रेलवे में नौकरी करना चाहता था, लेकिन आपराधिक मामलों में फंस गया। बाद में दिल्ली के सुभाष प्लेस इलाके के बार और पब में बाउंसर का काम करने लगा। पुलिस के अनुसार, रंजीत ने उसे जल्दी पैसा कमाने का लालच देकर तस्करी में उतारा। इसके बाद वह रांची से अफीम लाकर दिल्ली और हरियाणा के पहलवानों को सप्लाई करने लगा। पुलिस के अनुसार, अमित के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी और एनडीपीएस एक्ट समेत छह मामले दर्ज हैं। इनमें रानीबाग, सुभाष प्लेस, कंझावला और क्राइम ब्रांच दिल्ली के मामले शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

