home page

चार दिन पहले रखा घरेलू नौकर निकला डकैती गैंग का सदस्य, गिरफ्तार

 | 
चार दिन पहले रखा घरेलू नौकर निकला डकैती गैंग का सदस्य, गिरफ्तार


नई दिल्ली, 23 मई (हि.स.)। राजधानी के पॉश इलाके गोल्फ कोर्स क्षेत्र में कारोबारी के घर हुई डकैती मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान निहाल हसन उर्फ संजय के रूप में हुई है। वह दिल्ली और आसपास के इलाकों में डकैती, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के करीब 20 मामलों में शामिल रह चुका है। पुलिस के अनुसार आरोपित सात मामलों में अदालत से दोषी भी ठहराया जा चुका है।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त संजीव यादव ने शनिवार काे बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि डकैती की पूरी साजिश एक नए घरेलू नौकर के जरिए रची गई थी। आरोप है कि कारोबारी के घर में चार से पांच दिन पहले काम पर रखे गए नौकर ने ही अपने साथियों को घर में प्रवेश दिलाया और इसके बाद हथियारबंद बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार 17 अप्रैल की रात करीब साढ़े आठ बजे थाना तुगलक रोड क्षेत्र में स्थित गोल्फ कोर्स इलाके से पीसीआर कॉल मिली थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उनके घर में हाल ही में काम पर रखा गया घरेलू सहायक सुशील वारदात में शामिल है। शिकायतकर्ता ने बताया कि घरेलू नौकर ने जानबूझकर घर का मुख्य गेट खुला छोड़ दिया और अपने पांच से छह साथियों को अंदर बुला लिया। घर में घुसते ही बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को हथियारों के बल पर काबू कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपितों ने परिवार को डराया-धमकाया और घर में रखे जेवर, नकदी तथा अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद तुगलक रोड थाने में डकैती समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पहले तीन आरोपित पकड़े गए, अब निहाल हसन गिरफ्तार

जांच के दौरान स्थानीय पुलिस ने पहले ही इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं फरार चल रहे अन्य बदमाशों की तलाश के लिए क्राइम ब्रांच की मध्य रेंज को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि इंस्पेक्टर विनय कुमार की टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपितों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपित निहाल हसन उर्फ संजय खजूरी इलाके में अपने साथियों से मिलने आने वाला है।सूचना काे पुख्ता कर 21 मई को पुलिस टीम ने इलाके में जाल बिछाया। पुलिस को देखकर आरोपित भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ के बाद उसे मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य पहले संपन्न और पॉश कॉलोनियों की रेकी करते थे। इसके बाद ऐसे घरों को निशाना बनाते थे, जहां सुरक्षा व्यवस्था अपेक्षाकृत कमजोर हो या परिवार की गतिविधियों की जानकारी आसानी से जुटाई जा सके। इस मामले में आरोपितों ने पहले घरेलू नौकर के जरिए घर में अपनी पैठ बनाई। नौकर ने परिवार के आने-जाने का समय, घर में मौजूद कीमती सामान और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी अपने साथियों तक पहुंचाई। जानकारी जुटाने के बाद आरोपितों ने वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार बदमाश तलवार, लोहे की रॉड और अन्य घातक हथियारों से लैस होकर घर में घुसे थे। उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट भी की और दहशत फैलाकर वारदात को अंजाम दिया।

सात मामलों में दोषी ठहराया जा चुका है आरोपित

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित निहाल हसन उर्फ संजय बेहद शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ डकैती, चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट के करीब 20 मामले दर्ज हैं। अदालत उसे सात मामलों में दोषी भी ठहरा चुकी है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपित 13 मई 2025 को जमानत पर जेल से बाहर आया था। लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने के कारण परिवार के लोगों ने भी उससे दूरी बना ली थी। क्राइम ब्रांच अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है। फरार चल रहे अन्य आरोपितों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी