home page

पालम डकैती कांड का फरार आरोपित गिरफ्तार

 | 
पालम डकैती कांड का फरार आरोपित गिरफ्तार


नई दिल्ली, 15 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की (एनडीआर) टीम ने पालम गांव में होटल में हुई डकैती और तोड़फोड़ के मामले में फरार चल रहे एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान महेश उर्फ गंजा (26) के रूप में हुई है, जो पालम के राजनगर इलाके का रहने वाला है। पुलिस ने उसे 13 मार्च को गिरफ्तार किया।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने रविवार काे बताया कि यह मामला 29 सितंबर 2025 को पालम गांव थाने में दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि 28 सितंबर की रात करीब पांच से छह नकाबपोश बदमाश लोहे की रॉड लेकर उसके होटल में घुस आए थे। आरोपिताें ने होटल के शीशे तोड़ दिए, फर्नीचर व अन्य सामान में तोड़फोड़ की और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इसके बाद बदमाश होटल के काउंटर से करीब दो लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे। वारदात के दौरान होटल कर्मचारी प्रियांशु घायल हो गया था, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। बदमाश जाते समय होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे। मामले की जांच के दौरान स्थानीय पुलिस ने पांच आरोपित ऋतिक, मोहम्मद लडका, प्रकाश उर्फ चीनू, राकेश और मोहम्मद इब्रार को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि महेश उर्फ गंजा घटना के बाद से फरार चल रहा था।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार क्राइम ब्रांच की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। एसीपी उमेश बर्थवाल की देखरेख में एक टीम बनाई गई थी। तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से आरोपित की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इस बीच 13 मार्च को सूचना मिली कि आरोपित सरोजनी नगर इलाके में आने वाला है। पुलिस टीम ने वहां जाल बिछाया, लेकिन वह नहीं आया। बाद में जानकारी मिली कि वह अपने माता-पिता से मिलने पलम गांव पहुंच सकता है। इस पर टीम ने वहां निगरानी बढ़ाई और आखिरकार उसे पलम इलाके से दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपित ने डकैती में शामिल होने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने उसे बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपित आठवीं तक पढ़ा है और पहले एक निजी कंपनी में काम करता था। बाद में वह रैपिडो बाइक राइडर बन गया और इसी दौरान स्थानीय अपराधियों के संपर्क में आकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी