home page

औद्योगिक गोदामों में चोरी के मामलों में वांछित आरोपित गिरफ्तार

 | 

नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने औद्योगिक गोदामों में चोरी के 16 साल पुराने मामलों में फरार चल रहे भगोड़े अपराधी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान जिला बांका, बिहार निवासीसंतोष मंडल उर्फ संतोष कुमार उर्फ सदानंद मंडल (36) के रूप में हुई है। वह वर्ष 2011 में समयपुर बादली थाना क्षेत्र में दर्ज तीन गोदाम चोरी के मामलों में वांछित था और 2019 में रोहिणी कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित किया था।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम ब्रांच) हर्ष इंदौरा ने शनिवार को बताया कि क्राइम ब्रांच की डब्ल्यूआर-2 यूनिट लंबे समय से फरार अपराधियों की तलाश में अभियान चला रही है। इसी दौरान 6 मार्च को हेड कांस्टेबल अजय को सूचना मिली कि घोषित अपराधी संतोष मंडल रोहिणी इलाके में लांसर कॉन्वेंट स्कूल के पास आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एक टीम का गठन किया गया। पुलिस उपायुक्त के अनुसार जांच के दौरान एसआई अनुज छिकारा और हेड कांस्टेबल रविंदर ने तकनीकी निगरानी कर आरोपित की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद पुलिस टीम ने रोहिणी इलाके में बताए गए स्थान के पास घेराबंदी कर छापा मारा और आरोपित संतोष मंडल को दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपित वर्ष 2011 में समयपुर बादली थाना क्षेत्र में औद्योगिक गोदामों में चोरी के तीन मामलों—एफआईआर नंबर 337/2011, 245/2011 और 221/2011—में वांछित था। इन मामलों में उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 380, 457, 411 और 34 के तहत मुकदमे दर्ज किए गए थे। आरोपित अदालत में पेश नहीं हुआ, जिसके बाद 29 नवंबर 2019 को रोहिणी कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।

पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया कि वह औद्योगिक क्षेत्रों के गोदामों में चोरी और लूटपाट करने वाले गिरोह का सदस्य था। आरोपित पढ़ा-लिखा नहीं है और बिहार के अपने गांव में पला-बढ़ा। वर्ष 2011 में वह काम की तलाश में दिल्ली आया था और शुरुआत में मजदूरी करता था। कम कमाई से असंतुष्ट होकर वह आपराधिक साथियों के संपर्क में आ गया और औद्योगिक गोदामों में चोरी और लूट की वारदातें करने लगा।

पुलिस के अनुसार आरोपित पहले भी कई मामलों में गिरफ्तार हो चुका है और उससे चोरी का सामान भी बरामद किया गया था। बाद में जमानत पर छूटने के बाद वह दिल्ली छोड़कर बिहार भाग गया और वहीं रहकर गिरफ्तारी से बचता रहा। वहीं पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपित पर समयपुर बादली, कंझावला और पश्चिम विहार पश्चिम थानों में चोरी, लूट और डकैती के मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2011 के दौरान दर्ज की कई एफआईआर भी शामिल हैं।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी