home page

ढाई साल से फरार भगोड़ा अपराधी गिरफ्तार, साले पर जानलेवा हमले का आरोप

 | 
ढाई साल से फरार भगोड़ा अपराधी गिरफ्तार, साले पर जानलेवा हमले का आरोप


नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र में साले पर जानलेवा हमला करने के मामले में करीब ढाई साल से फरार चल रहे एक भगोड़े अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपित वारदात के बाद से लगातार फरार था और अदालत की कार्यवाही से बचने की कोशिश कर रहा था।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने शनिवार को बताया कि क्राइम ब्रांच की एनआर-1 यूनिट ने 6 मार्च को कार्रवाई करते हुए आरोपित अनवर हुसैन उर्फ अनोवर होसान (27) को गिरफ्तार किया। आरोपित गुरुग्राम, हरियाणा का रहने वाला है। वह शाहबाद डेयरी थाना में दर्ज एफआईआर संख्या 814/23 में वांछित था। इस मामले में उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 308, 323, 342, 34 और 174ए के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार, 16 सितंबर 2023 को आरोपित अनवर हुसैन ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने साले अबेदुर रहमान उर्फ अब्दुल रहमान के साथ शाहबाद डेयरी इलाके में बेरहमी से मारपीट की थी। इस हमले में पीड़ित को गंभीर चोटें आई थीं। पीड़ित की शिकायत पर 17 सितंबर 2023 को शाहबाद डेयरी थाने में मामला दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद आरोपित अपने साथियों के साथ फरार हो गया और लगातार पुलिस व अदालत की कार्यवाही से बचता रहा।

बाद में अदालत में पेश नहीं होने पर रोहिणी अदालत ने 17 फरवरी 2025 को उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी दौरान एएसआई प्रेमवीर को आरोपित के ठिकाने के बारे में सूचना मिली। इसके बाद इंस्पेक्टर अजय गहलावत की देखरेख में एएसआई प्रेमवीर, हेड कांस्टेबल विकेश, प्रवीण, सोनू और महिला हेड कांस्टेबल कुसुम की टीम ने जाल बिछाकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी