हत्या के प्रयास मामले का मुख्य आरोपित दबोचा
नई दिल्ली, 20 मई (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नजफगढ़ थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपित इलाके का हिस्ट्रीशीटर है और हत्या, लूटपाट, झपटमारी समेत 11 आपराधिक मामलों में पहले से शामिल रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपित वारदात के बाद से लगातार गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था। गिरफ्तार आरोपित की पहचान गौरव उर्फ लव शर्मा उर्फ संदीप उर्फ मसालेवाला (31) के रूप में हुई है। वह नजफगढ़ का रहने वाला है। आरोपित नजफगढ़ थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले में भी वांछित था।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने बुधवार को बताया कि 23 अप्रैल की रात करीब 11 बजे नजफगढ़ निवासी एक व्यक्ति अपने दोस्त के घर रोशन गार्डन इलाके में सो रहा था। इसी दौरान उसके दोस्त की भतीजी ने आकर बताया कि दो लोग उसके चाचा के साथ झगड़ा कर रहे हैं।शिकायतकर्ता जब बाहर पहुंचा तो उसने देखा कि गौरव उर्फ मसालेवाला और प्रिंस मित्तल उसके दोस्त के साथ मारपीट कर रहे थे। शिकायतकर्ता ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपित गौरव ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी, जो शिकायतकर्ता के पैर में लगी। गोली लगने के बाद घायल व्यक्ति को परिजन इलाज के लिए बहादुरगढ़ स्थित ब्रह्म शक्ति संजीवनी अस्पताल लेकर पहुंचे। घटना के बाद दोनों आरोपित मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। मामले में शिकायतकर्ता के बयान पर नजफगढ़ थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार क्राइम ब्रांच की एंटी गैंगस्टर स्क्वॉड (एजीएस) को सूचना मिली थी कि हत्या के प्रयास के मामले में फरार गौरव उर्फ मसालेवाला दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल आने वाला है। सूचना को पुख्ता कर इंस्पेक्टर गुलशन यादव के की देखरेख में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल के आसपास जाल बिछाया। कुछ देर इंतजार के बाद संदिग्ध के पहुंचते ही पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपित ने बचकर भागने की कोशिश की और विरोध भी किया, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित ने आठवीं तक पढ़ाई की थी। स्कूल के दिनों में गलत संगत में पड़ने के बाद वह आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया। धीरे-धीरे उसने इलाके के बदमाशों के साथ संबंध बना लिए और अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वर्ष 2025 में आर्थिक परेशानी बढ़ने के बाद आरोपित ने कथित तौर पर सट्टा कारोबारियों और अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों से उगाही शुरू कर दी थी। वारदात के बाद वह परिवार छोड़कर फरार हो गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

