हत्या के प्रयास के मामले में वांछित बदमाश ‘पल्टू’ गिरफ्तार
नई दिल्ली, 18 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी में संगठित अपराध पर लगाम कसने के अभियान के तहत दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपित दीपक उर्फ पल्टू को पुलिस ने दबोच लिया। आरोपित पर पहले से ही कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने शनिवार को बताया कि आरोपित दीपक उर्फ पल्टू (27) रोहिणी का रहने वाला है और वह वर्ष 2025 में बुद्ध विहार थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित चल रहा था। इस मामले में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते शिकायतकर्ता पर कांच के धारदार टुकड़े से हमला किया था। पुलिस उपायुक्त के अनुसार क्राइम ब्रांच की एनआर-I टीम को 17 अप्रैल को आरोपित की लोकेशन को लेकर पुख्ता सूचना मिली। इसके बाद एएसआई अनिल, अजय और सुमित की टीम ने इंस्पेक्टर पंकज ठाकरान के नेतृत्व में पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपित को धर दबोचा। जांच में सामने आया है कि दीपक उर्फ पल्टू का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में मारपीट, लूट, अवैध हथियार रखने और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर मामलों में एफआईआर दर्ज हैं। इनमें बुद्ध विहार, अमन विहार, बेगमपुर और विजय विहार थानों के मुकदमें शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दीपक ने 12वीं तक पढ़ाई की, लेकिन किशोरावस्था में ही गलत संगत में पड़कर अपराध की दुनिया में कदम रख दिया। इसके बाद वह लगातार हिंसक गतिविधियों और संगठित अपराध में शामिल होता चला गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

