दिवाली फायरिंग मामले का फरार आरोपित गिरफ्तार
नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (डब्लूआर-I) यूनिट ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान 27 वर्षीय जीशान अहमद इदरीसी के रूप में हुई है, जो केशव पुरम इलाके में दिवाली की रात हुई फायरिंग की वारदात में वांछित था। उसके खिलाफ कोर्ट से गैर-जमानती वारंट भी जारी किए गए थे।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि मामला दिवाली 2025 की रात का है, जब जीशान ने अपने साथियों के साथ मिलकर केशव पुरम इलाके में कई राउंड फायरिंग की थी। इस दौरान भानु कुमार नामक युवक को गोली लग गई थी। घटना के बाद से आरोपित लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। पुलिस उपायुक्त के अनुसार क्राइम ब्रांच की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपित तिलक नगर के चंद नगर इलाके में छिपा हुआ है। सूचना को पुख्ता कर इंस्पेक्टर अनिल मलिक के नेतृत्व में टीम ने छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपित पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ सागरपुर थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है, जबकि पंजाबी बाग थाने में झपटमारी का मामला भी दर्ज है। पुलिस के मुताबिक, जीशान दसवीं तक पढ़ा है और जल्दी पैसा कमाने के लालच में अपराध की दुनिया में उतर गया। पूछताछ में उससे वारदात और उसके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने कहा कि राजधानी में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आरोपित को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

