अंतरराज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ किया, चार तस्कर गिरफ्तार
नई दिल्ली, 15 मार्च (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित साइकोट्रोपिक दवाएं बरामद की हैं। बरामद दवाओं में करीब 59,925 अल्प्राजोलम टैबलेट और 2000 बुप्रेनोर्फिन इंजेक्शन शामिल हैं।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह कटारिया के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम को सात मार्च को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में संगठित अपराध से जुड़ी जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान शास्त्री पार्क स्थित बाबा श्यामगिरी मंदिर के पास एक मुखबिर ने सूचना दी कि सोनिया विहार निवासी विपिन कुमार पाल नामक व्यक्ति अल्प्राजोलम और ट्रामाडोल जैसी प्रतिबंधित दवाओं की अवैध सप्लाई करता है और वह एक खेप पंजाब के पटियाला निवासी सलमान खान को कश्मीरी गेट के पास युधिष्ठिर सेतु के नजदीक देने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर जाल बिछाया। रात करीब 8:25 बजे विपिन कुमार पाल एक प्लास्टिक की बोरी के साथ फुटपाथ पर खड़ा दिखाई दिया। कुछ देर बाद ऑटो से सलमान खान वहां पहुंचा। जैसे ही विपिन ने बोरी सलमान को सौंपी, पुलिस टीम ने दोनों को दबोच लिया। जांच में बोरी के अंदर रखे कार्टन से 0.5 एमजी की 100 डिब्बियों में कुल 59,925 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद हुईं, जिनका वजन करीब 8.09 किलोग्राम पाया गया। आरोपियों के पास इन दवाओं से संबंधित कोई वैध बिल या पर्ची नहीं थी। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम और ड्रग इंस्पेक्टरों ने इसे साइकोट्रोपिक ड्रग्स की श्रेणी में पुष्टि की। इस संबंध में क्राइम ब्रांच थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपितों ने खुलासा किया कि यह खेप मुजफ्फरनगर निवासी अब्दुल रहमान उर्फ रेहान के जरिए मंगाई गई थी और इसे पंजाब के बरनाला में एक सहयोगी को पहुंचाया जाना था। इसके बाद 13 मार्च को पुलिस ने मुजफ्फरनगर में छापेमारी कर अब्दुल रहमान और उसके साथी रवि गर्ग को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपितों के किराए के कमरे से रेक्सोजेसिक (बुप्रेनोर्फिन) के 2000 इंजेक्शन बरामद किए, जिनका कुल वजन करीब 8 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई से दिल्ली, उप्र और पंजाब में सक्रिय एक ड्रग सप्लाई नेटवर्क का खुलासा हुआ है। मामले में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

